सोनीपत में सड़क हादसे में 4 युवकों की मौत, दो गंभीर, शादी समारोह से रोहतक लौट रहे थे

सोनीपत में शादी समारोह से लौट रहे युवकों की स्कॉर्पियो पेड़ से टकरा गई, जिसमें चार की मौके पर मौत हो गई और दो गंभीर रूप से घायल हैं। सभी मृतक रोहतक जिले के रहने वाले थे।

सोनीपत में सड़क हादसे में  4 युवकों की मौत, दो गंभीर, शादी समारोह से रोहतक लौट रहे थे

➤ शादी से लौट रही स्कॉर्पियो पेड़ से टकराई
➤ मौके पर 4 युवकों की मौत, 2 गंभीर
➤ सभी मृतक रोहतक के अलग-अलग गांवों के निवासी


हरियाणा के सोनीपत में भीषण सड़क हादसे ने चार युवकों की मौत हो गई है। युवक स्‍कार्पियो में सवार होकर शादी समारोह से लौट रहे थे। अचानक स्कॉर्पियो अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से जा टकराई।

 टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि गाड़ी का अगला हिस्सा पूरी तरह चकनाचूर हो गया और मौके पर ही चार युवकों ने दम तोड़ दिया। दो अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत नाजुक बनी हुई है।

सबसे दर्दनाक बात यह रही कि सभी युवक खुशी के माहौल से लौट रहे थे और कुछ ही पलों में मातम में बदल गया। जानकारी के अनुसार सभी युवक रोहतक जिले के अलग-अलग गांवों के रहने वाले थे और गांव भावड़ में आयोजित शादी समारोह में शामिल होकर वापस लौट रहे थे। देर रात जब उनकी स्कॉर्पियो सोनीपत क्षेत्र से गुजर रही थी, तभी अचानक वाहन अनियंत्रित हो गया और तेज रफ्तार में पेड़ से जा टकराया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर की आवाज इतनी तेज थी कि आसपास के लोग तुरंत मौके पर पहुंच गए।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरू किया। कार में फंसे युवकों को बड़ी मशक्कत के बाद बाहर निकाला गया। चार युवकों को मौके पर ही मृत घोषित कर दिया गया, जबकि दो गंभीर घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और परिजनों को सूचना दे दी गई है।

हादसे की खबर जैसे ही रोहतक के गांवों में पहुंची, शोक की लहर दौड़ गई। जिन घरों में शादी की खुशी थी, वहां कुछ ही देर में मातम पसर गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है। प्रारंभिक अनुमान के मुताबिक तेज रफ्तार और वाहन पर नियंत्रण खोना हादसे की वजह हो सकती है।