पानीपत में बार एसोसिएशन प्रधान पर जानलेवा हमला, खेत में घुसकर पीटा
पानीपत के नन्हेड़ा गांव में जमीन विवाद को लेकर बार एसोसिएशन प्रधान और उनके भाइयों पर 10-12 हमलावरों ने जानलेवा हमला किया। पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
➤ बार एसोसिएशन प्रधान और भाइयों पर खेत में जानलेवा हमला
➤ 10-12 हमलावरों ने गंडासी, रॉड और डंडों से बेरहमी से पीटा
➤ जमीन विवाद में कब्जा छोड़ने की धमकी, केस दर्ज
हरियाणा के पानीपत जिले में जमीनी विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। थाना सनौली क्षेत्र के गांव नन्हेड़ा में समालखा बार एसोसिएशन के प्रधान और वकील अशोक कुमार व उनके दो भाइयों पर जानलेवा हमला कर दिया गया। आरोप है कि हमलावर 10-12 की संख्या में थे, जो हथियारों से लैस होकर खेत में घुसे और ताबड़तोड़ वार किए।
पीड़ित अशोक कुमार ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 21 अप्रैल की शाम करीब 7:30 से 8 बजे के बीच वह अपने भाइयों संसार सिंह और पहल सिंह के साथ जलालपुर-बापौली रोड स्थित खेत में पहुंचे थे। इस दौरान पहल सिंह खेत में पानी लगाने गया तो पड़ोसी अनिल और जॉनी ने उनके खेत में जबरन गेहूं और भूसा निकाल रखा था। विरोध करने पर दोनों ने उन्हें गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी।
कुछ ही देर में स्थिति और बिगड़ गई। शिकायत के अनुसार, मोटरसाइकिलों पर सवार होकर करीब 10-12 लोग मौके पर पहुंचे। अनिल हाथ में गंडासी लेकर ललकारते हुए आया और संसार सिंह के सिर पर सीधा वार कर दिया। इसके बाद जॉनी ने लोहे की रॉड से संसार और पहल सिंह के हाथों पर हमला किया, जबकि सोनू ने डंडों से लगातार वार किए।
हमले में शामिल बिट्टू (निवासी नन्हेड़ा) और सतपाल (निवासी जलालपुर) ने भी लाठी-डंडों से अशोक कुमार और उनके भाइयों को बुरी तरह पीटा। तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया।
पीड़ित ने बताया कि यह विवाद यमुना पार स्थित खेतों को लेकर चल रहा है। हमलावर मारपीट के दौरान लगातार धमकी दे रहे थे कि जमीन पर चल रही कानूनी कार्रवाई बंद कर दो, वरना जान से मार देंगे। अशोक कुमार का आरोप है कि मुख्य आरोपी अनिल पहले भी कई बार उन्हें जान से मारने की धमकी दे चुका है। घटना वाले दिन भी उसने पटवारी कार्यालय में धमकी दी थी, जिसकी शिकायत एसडीएम समालखा को दी गई थी।
घटना के बाद सनौली थाना पुलिस ने शिकायत के आधार पर अनिल, जॉनी, सोनू, बिट्टू, सतपाल और 10-12 अन्य अज्ञात लोगों के खिलाफ जानलेवा हमला, बंधक बनाना और धमकी देने समेत विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है।
Akhil Mahajan