पंचकूला में 21 दिन पहले शादी हुए युवक की चाकू से हत्या आईटी पार्क से लौटते वक्त लूट के इरादे से वार, मोबाइल लेकर फरार
पंचकूला के सेक्टर-12ए में लूट के इरादे से आए बदमाशों ने 21 दिन पहले शादी हुए युवक दीपक की चाकू मारकर हत्या कर दी। आरोपी मोबाइल फोन लेकर फरार हो गए। पुलिस जांच में जुटी है।
■ पंचकूला में 21 दिन पहले शादी हुए युवक की चाकू से हत्या
■ आईटी पार्क से लौटते वक्त सेक्टर-12ए में वारदात, मोबाइल ले गए बदमाश
■ होली पर मायके गई थी पत्नी, क्राइम ब्रांच की टीमें जांच में जुटीं
पंचकूला में लूट के इरादे से आए बदमाशों ने 21 दिन पहले शादी हुए एक युवक की चाकू घोंपकर हत्या कर दी। मृतक की पहचान ढकौली के ममता एनक्लेव निवासी दीपक के रूप में हुई है, जो आईटी पार्क क्षेत्र स्थित एक कंपनी में सेल्स का काम करता था। वारदात 3 मार्च की देर रात करीब 2 बजे सेक्टर-12ए के पास हुई, जब दीपक बाइक से ड्यूटी खत्म कर घर लौट रहा था। इस दिल दहला देने वाली घटना ने न केवल परिवार बल्कि पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है।
जानकारी के अनुसार, दीपक को रास्ते में पैदल आए कुछ युवकों ने रोका। आरोप है कि बदमाश लूटपाट के इरादे से आए थे। विरोध करने पर उन्होंने दीपक के पेट में चाकू घोंप दिए। गंभीर चोट लगने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। आरोपियों को जब उसके पास से नकदी या जेवर नहीं मिले तो वे उसका मोबाइल फोन लेकर फरार हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचकूला के सामान्य अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया। शुरुआत में शव की पहचान नहीं हो पाई थी, लेकिन बाद में परिजनों ने दीपक के रूप में शिनाख्त की। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
दीपक का परिवार मूल रूप से उत्तर प्रदेश के अमेठी जिले के बड़गांव का रहने वाला है और करीब 15 साल से पंजाब के ढकौली में रह रहा था। दीपक की शादी 10 फरवरी को हुई थी। शादी के लिए पूरा परिवार 15 साल बाद अपने गांव गया था और 17 फरवरी को वापस लौटा था। शादी के महज 21 दिन बाद ही यह हादसा हो गया। दीपक की पत्नी काजल 1 मार्च को होली के मौके पर अपने मायके गई हुई थी। पति की हत्या की खबर मिलते ही वह बेसुध हो गई।
दीपक के भाई दिवाकर ने बताया कि वह चंडीगढ़ की एक एमएनसी कंपनी में नौकरी करता है, जबकि दूसरा भाई बेंगलुरु में आईटी इंजीनियर है। दीपक प्रोडक्ट सेल्स का काम करता था और परिवार की जिम्मेदारियां निभा रहा था। परिवार का कहना है कि उसकी किसी से कोई दुश्मनी नहीं थी।
मामले में जांच कर रहे डीसीपी क्राइम मनप्रीत सूदन ने बताया कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए क्राइम ब्रांच की स्पेशल टीमें गठित की गई हैं। जल्द ही बदमाशों को पकड़ लिया जाएगा। पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और मोबाइल लोकेशन के आधार पर भी जांच आगे बढ़ाई जा रही है।
नई-नई बसी गृहस्थी उजड़ने से परिवार में मातम पसरा है। होली की खुशियां मातम में बदल गईं और 21 दिन पहले दूल्हा बना युवक अब अर्थी पर सवार हो गया। इलाके में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं।
shubham