आप नेता की हत्या: गुरुद्वारे में माथा टेककर निकले थे, बाइक सवार बदमाशों ने बरसाईं गोलियां

गुरुद्वारा साहिब के बाहर आप नेता लक्की ओबेरॉय की गोली मारकर हत्या कर दी गई। बाइक सवार बदमाशों ने कार पर फायरिंग की।

आप नेता की हत्या: गुरुद्वारे में माथा टेककर निकले थे, बाइक सवार बदमाशों ने बरसाईं गोलियां

मॉडल टाउन के गुरुद्वारा साहिब के बाहर सुबह-सुबह ताबड़तोड़ फायरिंग
बाइक सवार बदमाशों ने कार को बनाया निशाना, 8–10 राउंड फायरिंग की आशंका
घटना से इलाके में दहशत, पुलिस ने सीसीटीवी खंगालने शुरू किए

शुक्रवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब आम आदमी पार्टी (AAP) के नेता लक्की ओबेरॉय की गुरुद्वारा साहिब के बाहर गोली मारकर हत्या कर दी गई। यह वारदात शहर के पॉश इलाके मॉडल टाउन में हुई, जहां लक्की ओबेरॉय गुरुद्वारे में माथा टेककर लौट रहे थे।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, जैसे ही ओबेरॉय गुरुद्वारे से बाहर निकले और अपनी कार की ओर बढ़े, पहले से घात लगाए बाइक सवार बदमाशों ने ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। बताया जा रहा है कि हमलावरों ने आठ से दस राउंड गोलियां चलाईं और मौके से फरार हो गए।

अस्पताल में तोड़ा दम

पुलिस के मुताबिक, यह घटना सुबह करीब साढ़े सात बजे हुई। फायरिंग में गंभीर रूप से घायल लक्की ओबेरॉय को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और पूरे इलाके को सील कर जांच शुरू कर दी गई।पंजाब के जालंधर की यह घटना है।

बाइक सवार हमलावर, CCTV खंगाल रही पुलिस

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि हमलावर बाइक पर सवार होकर आए थे। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि आरोपियों की पहचान की जा सके। साथ ही हत्या के पीछे राजनीतिक रंजिश, पुरानी दुश्मनी या आपसी विवाद समेत सभी पहलुओं पर जांच की जा रही है।

घटना के बाद से इलाके में दहशत का माहौल है, वहीं आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं में गहरा आक्रोश देखा जा रहा है।