तेज रफ्तार थार से टकरा स्कॉर्पियो के उड़े परखच्चे, पूर्व सरपंच के इकलौते बेटे की मौत
यमुनानगर में स्कॉर्पियो और थार की टक्कर में अमेरिका से डिपोर्ट होकर लौटे 25 वर्षीय युवक रितिक की मौत हो गई। हादसे में तीन अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हुए हैं।
➤ अमेरिका से डिपोर्ट होकर लौटे 25 वर्षीय युवक की सड़क हादसे में मौत
➤ स्कॉर्पियो और थार की आमने-सामने टक्कर में तीन अन्य युवक गंभीर घायल
➤ ढाई साल पहले डोंकी के रास्ते अमेरिका गया था मृतक रितिक
हरियाणा के यमुनानगर में एक दर्दनाक सड़क हादसे में अमेरिका से डिपोर्ट होकर लौटे 25 वर्षीय युवक की मौत हो गई, जबकि उसके तीन साथी गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा उस समय हुआ जब चारों युवक स्कॉर्पियो गाड़ी में सवार होकर कालाआंब की ओर जा रहे थे। रास्ते में असगरपुर गांव के पास सामने से आ रही तेज रफ्तार थार और स्कॉर्पियो की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी भीषण थी कि स्कॉर्पियो के सभी एयरबैग खुल गए और गाड़ी कई बार पलटते हुए सड़क किनारे जाकर रुकी। हादसे में स्कॉर्पियो पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। वहीं थार को भी भारी नुकसान पहुंचा और उसके एक तरफ के दोनों टायर फट गए। टक्कर का असर इतना जबरदस्त था कि वाहन के रिम तक टूट गए।
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और राहत कार्य शुरू किया। घायलों को तुरंत नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार चल रहा है।
मृतक की पहचान रितिक निवासी गांव लाहडपुर के रूप में हुई है। रितिक के पिता राजेंद्र कुमार गांव के सरपंच रह चुके हैं। रितिक की मौत की खबर मिलते ही परिवार में मातम छा गया और पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
परिजनों के अनुसार रितिक करीब ढाई साल पहले डोंकी रूट के जरिए अमेरिका गया था। वहां वह ट्रक चालक के रूप में काम कर रहा था। करीब दो महीने पहले ही उसे अमेरिका से डिपोर्ट किया गया था और वह वापस अपने गांव लौट आया था। परिवार को उम्मीद थी कि रितिक अब भारत में नया जीवन शुरू करेगा, लेकिन सड़क हादसे ने उनकी सारी उम्मीदें छीन लीं।
पुलिस ने मामला दर्ज कर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार हादसे की वजह मानी जा रही है। पुलिस दोनों वाहनों और दुर्घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।
Akhil Mahajan