राजस्थान की हार के बाद रो पड़े सूर्यवंशी, 96 रन की पारी पर भारी पड़ा गिल का शतक

राजस्थान रॉयल्स की हार के बाद वैभव सूर्यवंशी भावुक होकर रो पड़े। उन्होंने IPL में सबसे कम गेंदों में 1000 रन पूरे करने का रिकॉर्ड बनाया, लेकिन टीम फाइनल में नहीं पहुंच सकी।

राजस्थान की हार के बाद रो पड़े सूर्यवंशी, 96 रन की पारी पर भारी पड़ा गिल का शतक

राजस्थान को हराकर गुजरात टाइटंस ने IPL 2026 फाइनल में बनाई जगह

वैभव सूर्यवंशी ने IPL इतिहास का सबसे तेज 1000 रन का रिकॉर्ड बनाया

हार के बाद डगआउट में भावुक होकर रो पड़े सूर्यवंशी


IPL 2026 के क्वालिफायर-2 मुकाबले में गुजरात टाइटंस ने राजस्थान रॉयल्स को 7 विकेट से हराकर फाइनल में जगह बना ली। न्यू चंडीगढ़ में खेले गए इस हाईस्कोरिंग मुकाबले में राजस्थान ने 214 रन का मजबूत स्कोर खड़ा किया था, लेकिन गुजरात ने रिकॉर्डतोड़ बल्लेबाजी करते हुए लक्ष्य हासिल कर लिया। हार के साथ राजस्थान का खिताब जीतने का सपना टूट गया, जबकि मैच के बाद युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी भावुक होकर रो पड़े।

गिल ने दो बार सिक्का उछाला।

हालांकि राजस्थान को हार मिली, लेकिन वैभव सूर्यवंशी ने अपनी 96 रन की शानदार पारी से कई ऐतिहासिक रिकॉर्ड अपने नाम कर लिए। उन्होंने सिर्फ 440 गेंदों में 1000 IPL रन पूरे कर IPL इतिहास में सबसे कम गेंदों में हजार रन बनाने का रिकॉर्ड बना दिया। इससे पहले यह रिकॉर्ड आंद्रे रसेल के नाम था, जिन्होंने 545 गेंदों में यह उपलब्धि हासिल की थी।

जाडेजा के हाथ में कुछ परेशानी हुई, फिर वे मैदान से बाहर चले गए।

सूर्यवंशी IPL में सबसे कम पारियों में 1000 रन पूरे करने वाले भारतीय बल्लेबाज भी बन गए। उन्होंने अपनी 23वीं पारी में यह मुकाम हासिल किया और साई सुदर्शन का रिकॉर्ड तोड़ दिया। ओवरऑल IPL इतिहास में वे शॉन मार्श और लेंडल सिमंस के बाद तीसरे सबसे तेज बल्लेबाज बने हैं।

छलांग लगाते समय सुदर्शन के हाथों से गेंद छिटक गई।

इस मुकाबले में सूर्यवंशी ने पावरप्ले में 31 रन बनाए और IPL के एक सीजन में पावरप्ले में 500 रन पूरे करने वाले पहले बल्लेबाज बन गए। उन्होंने इस सीजन पावरप्ले में 233.63 के स्ट्राइक रेट से 521 रन बनाए हैं। इससे पहले यह रिकॉर्ड डेविड वॉर्नर के नाम था।

रबाडा की बाउंसर बैट से टकराने के बाद हेलमेट पर लगी।

सूर्यवंशी 96 रन बनाकर आउट हुए और IPL में सबसे ज्यादा बार 90 से 99 रन के बीच आउट होने वाले खिलाड़ियों की सूची में शामिल हो गए। इसी सीजन वह तीसरी बार नर्वस नाइंटीज का शिकार बने हैं। इसके अलावा उन्होंने प्लेऑफ में 7 छक्के लगाकर IPL के एक सीजन के प्लेऑफ में सबसे ज्यादा छक्के लगाने का रिकॉर्ड भी अपने नाम कर लिया।

दूसरी ओर गुजरात टाइटंस ने 215 रन का लक्ष्य हासिल कर IPL इतिहास का सबसे बड़ा प्लेऑफ रनचेज पूरा किया। यह गुजरात टाइटंस का भी अब तक का सबसे बड़ा सफल रनचेज है। टीम की जीत में कप्तान शुभमन गिल और साई सुदर्शन की रिकॉर्ड साझेदारी ने अहम भूमिका निभाई।

वैभव ने टेनिस शॉट की तरह सामने छक्का जड़ा।

गिल ने 104 रन की शतकीय पारी खेली और IPL में अपना पांचवां शतक लगाया। वहीं सुदर्शन ने 58 रन बनाए। दोनों बल्लेबाजों के बीच 167 रन की साझेदारी हुई, जो IPL प्लेऑफ इतिहास की सबसे बड़ी साझेदारी बन गई। इसके साथ ही गिल और सुदर्शन पुरुष टी-20 क्रिकेट में किसी भी विकेट के लिए सबसे ज्यादा बार शतकीय साझेदारी करने वाली जोड़ी भी बन गए।

मैच के दौरान कई दिलचस्प पल भी देखने को मिले। मुकाबले में दो बार टॉस हुआ, सूर्यवंशी को 46 रन पर जीवनदान मिला, उनके हेलमेट पर गेंद लगी, जबकि साई सुदर्शन लगातार दूसरे मैच में हिट-विकेट आउट हुए। वहीं डोनोवन फरेरा ने राशिद खान के आखिरी ओवर में तीन लगातार छक्के जड़कर मुकाबले का रोमांच बढ़ा दिया।

सुदर्शन 58 रन पर हिट-विकेट आउट हुए।

हालांकि मैच के अंत में सबसे भावुक पल तब आया जब राजस्थान की हार के बाद वैभव सूर्यवंशी डगआउट में रोते नजर आए। उन्होंने ऑरेंज कैप से अपना चेहरा ढंक लिया और काफी निराश दिखाई दिए। साथी खिलाड़ियों ने उन्हें संभालने और हौसला बढ़ाने की कोशिश की। उनकी यह तस्वीर सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही है।