यूपी की IPS बेटी बनेगी हरियाणा के IAS की दुल्हन,आज लेंगे सात फेरे, शादी के लिए बदला कैडर
पंचकूला ADC विवेक आर्य और IPS अदिति सिंह आज शादी करेंगे। अदिति का हिमाचल से हरियाणा कैडर हुआ था, दोनों की पोस्टिंग भी पंचकूला में है।
पंचकूला ADC विवेक आर्य और DCP अदिति सिंह आज शादी के बंधन में बंधेंगे
➤ शादी के लिए IPS अदिति सिंह को हिमाचल प्रदेश से मिला हरियाणा कैडर
➤ दोनों अधिकारियों की पंचकूला में ही हुई पोस्टिंग, 10 से 12 नवंबर तक बाढड़ा में हुईं रस्में
हरियाणा के पंचकूला में आज प्रशासनिक और पुलिस महकमे से जुड़ी एक खास शादी होने जा रही है। जिले के अतिरिक्त उपायुक्त (ADC) विवेक आर्य और पुलिस उपायुक्त (DCP) अदिति सिंह आज शादी के बंधन में बंधेंगे। इस शादी की चर्चा की सबसे खास वजह दोनों अधिकारियों का प्रशासनिक सफर है। उत्तर प्रदेश के मेरठ की रहने वालीं IPS अदिति सिंह को शुरुआत में हिमाचल प्रदेश कैडर मिला था, लेकिन हरियाणा कैडर के IAS अधिकारी विवेक आर्य से शादी तय होने के बाद उनका अंतर-कैडर स्थानांतरण हो गया। इसके बाद उन्हें हरियाणा कैडर मिला। दिलचस्प संयोग यह भी रहा कि दोनों को पंचकूला जिले में ही तैनाती मिल गई।
शादी से पहले 10 से 12 नवंबर तक हरियाणा के भिवानी जिले के बाढड़ा में हल्दी और लग्नी की रस्में आयोजित की गईं। इन कार्यक्रमों में बाढड़ा से भाजपा विधायक उमेद पातुवास सहित क्षेत्र के तमाम राजनीतिक और सामाजिक लोग शामिल हुए। इस दौरान पंचकूला ADC विवेक आर्य खुद मेहमानों का स्वागत करते नजर आए।
कौन हैं IAS विवेक आर्य, सैनिक स्कूल से UPSC तक का सफर रहा शानदार
IAS विवेक आर्य मूल रूप से हरियाणा के चरखी दादरी जिले के गांव गोपी के रहने वाले हैं। उनके परिवार का बाढड़ा कस्बे में पिछले 50 साल से खाद-बीज का व्यवसाय है। उनके पिता विरेंद्र सिंह आर्य का स्पेयर पार्ट्स का बिजनेस है, जबकि उनके बड़े भाई का चयन वर्ष 2018 में भारतीय सेना में लेफ्टिनेंट के पद पर हुआ था।
विवेक आर्य की शुरुआती पढ़ाई सैनिक स्कूल कुंजपुरा में हुई। उन्होंने यहां से 10वीं और 12वीं की पढ़ाई पूरी की। इसके बाद चंडीगढ़ के DAV कॉलेज से रिकॉर्ड अंकों के साथ BA की डिग्री हासिल की और फिर दिल्ली विश्वविद्यालय में अध्ययन किया।
UPSC में हासिल की ऑल इंडिया 131वीं रैंक
विवेक आर्य की सफलता का सफर कई उपलब्धियों से भरा रहा है। उन्होंने UPSC सिविल सेवा परीक्षा में ऑल इंडिया 131वीं रैंक हासिल की थी। खास बात यह रही कि UPSC का परिणाम आने से ठीक 10 दिन पहले उनका चयन CDS के जरिए सेना में लेफ्टिनेंट के पद पर हो गया था। वहीं, UPSC का परिणाम आने वाले दिन ही सुबह उनका चयन डिप्टी कमांडेंट के पद पर भी हुआ था।
फोटो कैप्शन: जींद जिला परिषद चेयरमैन प्रतिनिधि कुलदीप रंधावा IAS विवेक आर्य को बधाई देते हुए।
मेरठ की रहने वाली हैं IPS अदिति सिंह, कंप्यूटर साइंस में किया BTech
IPS अदिति सिंह मूल रूप से उत्तर प्रदेश के मेरठ की रहने वाली हैं। उनका परिवार शिवलोकपुरी, कंकरखेड़ा में रहता है। उनके पिता डॉ. संजीव सिंह MD फिजिशियन हैं, जबकि उनकी माता ज्योति सिंह कलक्ट्रेट में वरिष्ठ सहायक के पद पर कार्यरत हैं।
अदिति सिंह की स्कूली शिक्षा मेरठ के सोफिया गर्ल्स स्कूल से हुई। उन्होंने वर्ष 2013 में 12वीं की पढ़ाई पूरी की। इसके बाद वर्ष 2017 में गाजियाबाद के अजय कुमार गर्ग इंजीनियरिंग कॉलेज से कंप्यूटर साइंस में BTech की डिग्री हासिल की।
उन्होंने दिल्ली में रहकर UPSC की तैयारी की। कोविड काल में वह घर पर रहकर भी अपनी पढ़ाई जारी रखे हुए थीं।
UPPCS में 54वीं और UPSC में 679वीं रैंक हासिल की
अदिति सिंह ने UPSC से पहले उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (UPPCS)-2020 की परीक्षा में 54वीं रैंक हासिल की थी। इसके आधार पर उनका चयन SDM पद के लिए हुआ था। इसके बाद उन्होंने UPSC सिविल सेवा परीक्षा में ऑल इंडिया 679वीं रैंक प्राप्त की और IPS अधिकारी बनीं।
पढ़ाई के साथ-साथ अदिति खेल गतिविधियों में भी आगे रही हैं। वह कॉलेज की वॉलीबॉल टीम की कप्तान रह चुकी हैं। इसके अलावा उन्हें योग करने, दौड़ने और किताबें पढ़ने का शौक है।
शादी के बाद हिमाचल से हरियाणा आया कैडर, पंचकूला में ही मिली तैनाती
अदिति सिंह को UPSC में चयन के बाद शुरुआत में हिमाचल प्रदेश कैडर आवंटित हुआ था। वहीं विवेक आर्य हरियाणा कैडर के IAS अधिकारी हैं। दोनों का रिश्ता तय होने के बाद अदिति सिंह ने अंतर-कैडर स्थानांतरण के तहत हरियाणा कैडर हासिल किया।
इसके बाद दोनों अधिकारियों की तैनाती पंचकूला जिले में हो गई। वर्तमान में विवेक आर्य अतिरिक्त उपायुक्त (ADC) के तौर पर प्रशासनिक जिम्मेदारी संभाल रहे हैं, जबकि अदिति सिंह पुलिस उपायुक्त (DCP) के पद पर कानून-व्यवस्था से जुड़ी जिम्मेदारी निभा रही हैं।
इस तरह आज दोनों अधिकारी अपने जीवन की नई शुरुआत करने जा रहे हैं। एक ओर प्रशासनिक सेवा में दोनों का अपना अलग सफर रहा है, वहीं अब शादी के बाद दोनों एक ही शहर में अपनी जिम्मेदारियां निभा रहे हैं।
Akhil Mahajan