खाटूश्याम यात्रियों के लिए हरियाणा से 2 स्पेशल ट्रेन शुरू, जानें पूरा शैड्यूल
नववर्ष पर यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए उत्तर रेलवे ने कुरुक्षेत्र–फुलेरा और फुलेरा–शकूरबस्ती के बीच अनारक्षित स्पेशल ट्रेनों के संचालन का फैसला किया है।
- नववर्ष पर यात्रियों के लिए रेलवे की बड़ी राहत
- कुरुक्षेत्र–फुलेरा और फुलेरा–शकूरबस्ती के बीच अनारक्षित स्पेशल ट्रेनें
- हरियाणा, दिल्ली और राजस्थान के हजारों यात्रियों को सीधा लाभ
हरियाणा, दिल्ली और राजस्थान के रेल यात्रियों के लिए नववर्ष से पहले बड़ी खुशखबरी सामने आई है। यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए उत्तर रेलवे ने दो जोड़ी अनारक्षित स्पेशल ट्रेनों के संचालन का फैसला लिया है। ये ट्रेनें पूरी तरह अनारक्षित होंगी, जिससे यात्री सामान्य टिकट पर आसानी से यात्रा कर सकेंगे।
रेलवे अधिकारियों के अनुसार, ट्रेन नंबर 09711/09712 कुरुक्षेत्र–फुलेरा–कुरुक्षेत्र के बीच कुल चार फेरों में चलाई जाएगी। यह स्पेशल ट्रेन कुरुक्षेत्र से 29 दिसंबर से 1 जनवरी 2026 तक चलेगी, जबकि फुलेरा से वापसी में इसका संचालन 30 दिसंबर से 2 जनवरी 2026 तक किया जाएगा। ट्रेन में कुल 14 कोच होंगे, जिनमें 12 साधारण और 2 एसएलआर कोच शामिल रहेंगे।
समय-सारिणी के मुताबिक यह ट्रेन कुरुक्षेत्र से रात 11:30 बजे प्रस्थान करेगी। रोहतक में 02:28 बजे पहुंचेगी और 02:30 बजे रवाना होगी। रेवाड़ी में 04:25 से 04:27 बजे तक ठहराव रहेगा। नारनौल स्टेशन पर 05:19 बजे आगमन और 05:21 बजे प्रस्थान होगा। अंतिम स्टेशन फुलेरा पर ट्रेन सुबह 08:30 बजे पहुंचेगी।
इसी तरह दूसरी जोड़ी 09713/09714 फुलेरा–शकूरबस्ती–फुलेरा के बीच चार फेरों में संचालित की जाएगी। इसका संचालन 29 दिसंबर 2025 से 1 जनवरी 2026 तक दोनों दिशाओं में किया जाएगा। इस ट्रेन में भी 14 कोच लगाए जाएंगे।
इस ट्रेन की समय-सारिणी के अनुसार फुलेरा से सुबह 10:40 बजे रवाना होकर रिंग्स में 11:45 से 11:50 बजे तक ठहरेगी। नारनौल में 13:38 से 13:40 बजे, रेवाड़ी में 14:48 से 14:50 बजे और गुड़गांव में 15:28 से 15:30 बजे ठहराव रहेगा। शकूरबस्ती स्टेशन पर इसका आगमन शाम 16:30 बजे निर्धारित किया गया है।
रेलवे ने स्पष्ट किया है कि इन ट्रेनों का संचालन नववर्ष के दौरान अतिरिक्त यात्रियों की भीड़ को नियंत्रित करने के उद्देश्य से किया जा रहा है। इससे हरियाणा, राजस्थान और दिल्ली मार्ग पर सफर करने वाले यात्रियों को बड़ी सुविधा मिलेगी।
Akhil Mahajan