मोबाइल रिचार्ज होंगे सस्ते? जानें TRAI के नए निर्देश
TRAI ने टेलीकॉम कंपनियों को सिर्फ वॉयस कॉल और SMS के लिए अलग सस्ते वाउचर जारी करने का निर्देश दिया है। जानिए नए नियम कब लागू होंगे।
➤ TRAI ने सिर्फ कॉलिंग-SMS के सस्ते वाउचर का निर्देश दिया
➤ डेटा प्लान लेना जरूरी नहीं होगा, ग्राहकों को मिलेगी अलग सुविधा
➤ 30 दिन से अधिक वैधता वाला कम से कम एक STV भी देना होगा
नई दिल्ली। मोबाइल रिचार्ज कराने वाले उन ग्राहकों के लिए राहत की खबर है, जिन्हें इंटरनेट डेटा की जरूरत नहीं होती और वे मुख्य रूप से वॉयस कॉल और SMS का इस्तेमाल करते हैं। दूरसंचार नियामक TRAI ने टेलीकॉम कंपनियों को निर्देश दिया है कि वे ग्राहकों के लिए केवल वॉयस कॉल और SMS वाले अलग और अपेक्षाकृत कम कीमत के वाउचर उपलब्ध कराएं। इसका मतलब है कि ऐसे ग्राहकों को कॉलिंग और SMS की सुविधा लेने के लिए अनावश्यक रूप से डेटा वाला प्लान लेने की जरूरत नहीं होगी।
TRAI की ओर से जारी दूरसंचार उपभोक्ता संरक्षण (13वां संशोधन) विनियमन, 2026 के तहत कंपनियों को 30 दिन या उससे कम वैधता वाले मौजूदा वॉयस, SMS और डेटा वाले वाउचर के समान वैधता अवधि में केवल वॉयस कॉल और SMS के लिए अलग प्लान उपलब्ध कराना होगा। नियामक के मुताबिक, इस व्यवस्था का उद्देश्य ऐसे ग्राहकों को विकल्प देना है, जिन्हें मोबाइल इंटरनेट की आवश्यकता नहीं है।
सिर्फ कॉलिंग और SMS के लिए मिलेगा अलग विकल्प
नए नियमों के अनुसार, दूरसंचार सेवा प्रदाताओं को उचित शुल्क कटौती के साथ स्पेशल टैरिफ वाउचर (STV) उपलब्ध कराने होंगे, जिनमें केवल वॉयस कॉल और SMS की सुविधा होगी। अभी कई मामलों में ग्राहक को ऐसा रिचार्ज लेना पड़ता है, जिसमें कॉलिंग और SMS के साथ डेटा भी शामिल होता है, भले ही उसे इंटरनेट की जरूरत न हो।
TRAI के निर्देश के बाद ऐसे ग्राहकों को अपनी जरूरत के हिसाब से रिचार्ज चुनने का विकल्प मिलेगा। इससे खास तौर पर उन मोबाइल यूजर्स को फायदा हो सकता है, जो फोन का इस्तेमाल मुख्य रूप से बातचीत और SMS के लिए करते हैं।
30 दिन से ज्यादा वैधता वाला STV भी जरूरी
नए प्रावधानों में सिर्फ छोटी अवधि के प्लान की बात नहीं है। दूरसंचार कंपनियों को 30 दिन से अधिक वैधता वाला कम से कम एक STV भी उपलब्ध कराना होगा। इसकी वैधता अवधि वॉयस, SMS और डेटा वाले संबंधित STV की वैधता के अनुरूप रखी जाएगी।
TRAI ने यह भी स्पष्ट किया है कि नए नियम मुख्य रूप से 30 दिन या उससे कम वैधता वाले वाउचर पर केंद्रित हैं। वहीं, कुछ डेटा सेवाओं वाले STV पहले से ही 365 दिन तक की वैधता के साथ उपलब्ध हैं।
ग्रामीण और कम खर्च करने वाले ग्राहकों को मिल सकता है फायदा
TRAI का मानना है कि इस बदलाव से उन ग्राहकों को राहत मिल सकती है, जो मोबाइल इंटरनेट का बहुत कम इस्तेमाल करते हैं या डेटा की सुविधा के लिए अतिरिक्त भुगतान नहीं करना चाहते। खास तौर पर ग्रामीण क्षेत्रों के उपभोक्ताओं और सीमित बजट में मोबाइल सेवा इस्तेमाल करने वाले ग्राहकों के लिए अलग वॉयस-SMS प्लान उपयोगी हो सकते हैं।
नियामक ने अपने अवलोकन में पाया कि टेलीकॉम कंपनियां अलग-अलग वैधता अवधि के वॉयस, SMS और डेटा वाले STV उपलब्ध कराती हैं, लेकिन समान अवधि वाला केवल वॉयस और SMS वाला विकल्प हमेशा उपलब्ध नहीं होता। इसी स्थिति को देखते हुए नए प्रावधान किए गए हैं।
कब लागू होंगे नए नियम?
ये नए नियम आधिकारिक राजपत्र में अधिसूचित होने की तारीख से 30 दिन बाद लागू होंगे। इसके बाद दूरसंचार कंपनियों को निर्धारित प्रावधानों के अनुसार केवल वॉयस कॉल और SMS वाले वाउचर उपलब्ध कराने होंगे।
हालांकि, इससे हर रिचार्ज की कीमत कितनी कम होगी, यह कंपनियों की ओर से घोषित किए जाने वाले नए टैरिफ पर निर्भर करेगा। इसलिए अभी यह कहना जल्दबाजी होगी कि सभी ग्राहकों के मोबाइल रिचार्ज निश्चित रूप से कितने रुपये सस्ते होंगे। इतना जरूर है कि डेटा की जरूरत नहीं रखने वाले ग्राहकों को बिना डेटा के सिर्फ कॉलिंग और SMS का विकल्प मिलने की व्यवस्था की जा रही है।
Akhil Mahajan