टोहाना में रिश्वत लेते पटवारी गिरफ्तार: 50 हजार रुपए लेते ACB ने रंगे हाथों दबोचा
टोहाना में एंटी करप्शन ब्यूरो अंबाला की टीम ने BDPO ऑफिस में कार्यरत पटवारी उमेद बुरा को 50 हजार रुपए की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। आरोपी शामलात जमीन की रजिस्ट्री के बदले रिश्वत मांग रहा था।
➤ शामलात जमीन की रजिस्ट्री के बदले मांगी थी रिश्वत
➤ एंटी करप्शन ब्यूरो अंबाला टीम ने की कार्रवाई
➤ DSP ओमप्रकाश नैन के नेतृत्व में बिछाया गया ट्रैप
हरियाणा के टोहाना में एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) अंबाला की टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए खंड पंचायत एवं विकास अधिकारी (BDPO) ऑफिस में कार्यरत एक पटवारी को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। आरोपी पटवारी की पहचान उमेद बुरा के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार, आरोपी पटवारी को 50 हजार रुपए की रिश्वत लेते हुए पकड़ा गया। एसीबी की यह कार्रवाई DSP अंबाला ओमप्रकाश नैन के नेतृत्व में की गई। टीम ने आरोपी को पकड़ने के लिए पहले से विशेष योजना तैयार की थी।
मामले में गांव पारता निवासी कपिल ने एंटी करप्शन ब्यूरो को शिकायत दी थी। शिकायतकर्ता का आरोप था कि पटवारी उमेद बुरा शामलात जमीन की रजिस्ट्री करवाने के बदले उससे 50 हजार रुपए की मांग कर रहा था।
कपिल ने रिश्वत मांगने की सूचना ACB को दी, जिसके बाद ब्यूरो की टीम ने पूरा जाल बिछाया। तय योजना के तहत शिकायतकर्ता आरोपी को पैसे देने पहुंचा और जैसे ही पटवारी ने रिश्वत की रकम ली, टीम ने उसे मौके पर ही दबोच लिया।
कार्रवाई के दौरान एसीबी टीम ने रिश्वत की राशि भी बरामद कर ली। आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निरोधक अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी गई है।
इस कार्रवाई के बाद सरकारी विभागों में हड़कंप मच गया है। एंटी करप्शन ब्यूरो का कहना है कि भ्रष्टाचार के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और रिश्वतखोरी करने वालों को किसी भी हालत में बख्शा नहीं जाएगा।
Akhil Mahajan