‘‘छह बार गोल्ड जीतने वाले खिलाड़ी को मार दिया गया’’—सरकार पर लापरवाही का आरोप

सोनीपत में आम आदमी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष सुशील गुप्ता ने तीन खिलाड़ियों की मौत, प्रदूषण और कानून व्यवस्था पर हरियाणा सरकार को घेरा। बिहार चुनाव और मकान विवाद पर भी तीखे आरोप लगाए।

‘‘छह बार गोल्ड जीतने वाले खिलाड़ी को मार दिया गया’’—सरकार पर लापरवाही का आरोप


• सोनीपत में आम आदमी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष सुशील कुमार गुप्ता का सरकार पर हमला
तीन खिलाड़ियों की मौत पर सरकार की चुप्पी पर सवाल
प्रदूषण, किसानों और बिहार चुनाव पर भी तीखे बयान



सोनीपत में गोहाना रोड स्थित एक मंदिर में आयोजित कार्यक्रम में आम आदमी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष सुशील कुमार गुप्ता नई जिला कार्यकारिणी के गठन को लेकर कार्यकर्ताओं से मिले। इस दौरान उन्होंने हरियाणा सरकार पर कई गंभीर आरोप लगाए और हाल ही में तीन खिलाड़ियों की हुई मौत पर सरकार की चुप्पी को कटघरे में खड़ा किया।

उन्होंने कहा कि हरियाणा में पिछले दिनों तीन खिलाड़ियों की मौत हुई, लेकिन सरकार चुप बैठी हुई है। मुख्यमंत्री सिर्फ अधिकारियों को सस्पेंड करके चुप्पी साधे हुए हैं। उन्होंने कहा कि पाँच लाख रुपए का मुआवजा देकर सरकार “जले पर नमक छिड़कने का काम” कर रही है।

उन्होंने बताया कि पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी को सूचना देकर रोहतक में पीड़ित परिवार से मुलाकात की, लेकिन हरियाणा का मुख्यमंत्री सो रहा है
सुशील कुमार गुप्ता ने कहा कि हम राजनीति नहीं कर रहे हैं, लेकिन यह शर्मनाक है कि मुख्यमंत्री को यह तक पता नहीं था कि खिलाड़ी अमन की मौत हो गई है

उन्होंने कहा कि हरियाणा से मेडल लाने वालों की हत्या की जा रही है। छह बार गोल्ड मेडल जीतने वाले खिलाड़ी को मार डाला गया और परिवार की सुध लेने वाला कोई नहीं है। आज हरियाणा में कोई भी सुरक्षित नहीं है और हरियाणा देश की अपराध राजधानी बनता जा रहा है। कई गैंग हरियाणा से ऑपरेट हो रहे हैं।

प्रदूषण पर उन्होंने कहा कि क्या हरियाणा के लोगों के फेफड़े लोहे के बने हुए हैं? सोनीपत क्षेत्र से प्रदूषित पानी यमुना में छोड़ा जा रहा है, जिससे हालात और बिगड़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि पराली के नाम पर किसानों पर मुकदमे दर्ज किए गए, जबकि आम आदमी पार्टी पंजाब में किसानों की मदद कर रही है

बिहार चुनाव और SIR मुद्दे पर उन्होंने कहा कि हर जिले से बिहार के मतदाताओं को पैसे देकर वोट दिलवाए गए। बीजेपी के विधायक, जिला अध्यक्ष और मेयर ने टिकट और एक सप्ताह की तनख्वाह देकर भेजा

अरविंद केजरीवाल को पंजाब सरकार द्वारा मकान देने के आरोपों पर उन्होंने कहा कि यह पूरी तरह झूठ है। उन्होंने कहा, अरविंद केजरीवाल आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष हैं, उनके सिपाही पूरे देश के लिए लड़ रहे हैं। क्या इस मामले में कोई चिट्ठी आई है? बीजेपी जनता को गुमराह कर रही है।