परिजन बोले-फर्जी मुठभेड़-नाका लगा हरियाणा पुलिस ने छात्र नेता को गोली मारने का मामला
सोनीपत में पुलिस मुठभेड़ में छात्र नेता को गोली लगने के बाद विवाद खड़ा हो गया है। परिजनों ने इसे फर्जी बताया, जबकि पुलिस ने संदिग्ध वाहन के आधार पर कार्रवाई का दावा किया।
➤ सोनीपत में पुलिस मुठभेड़ में छात्र नेता के पैर में गोली
➤ परिवार और इनेलो ने बताया फर्जी एनकाउंटर, उठाए सवाल
➤ पुलिस का दावा—संदिग्ध गाड़ी रोकने के दौरान हुई कार्रवाई
हरियाणा के सोनीपत में पुलिस द्वारा की गई एक कार्रवाई अब विवादों में घिर गई है। क्राइम ब्रांच खरखौदा और गोहाना सदर पुलिस की संयुक्त टीम ने नाकाबंदी के दौरान दो युवकों को रोकने की कोशिश की, जिसमें एक युवक के पैर में गोली लग गई, जबकि दूसरे को हिरासत में ले लिया गया। घायल युवक की पहचान बड़वासनी निवासी शौर्य और उसके साथी अमित के रूप में हुई है। दोनों इंडियन नेशनल लोकदल (INLD) की छात्र इकाई आईएसओ से जुड़े बताए जा रहे हैं। घटना की सूचना मिलते ही परिजन और पार्टी पदाधिकारी अस्पताल पहुंच गए और पुलिस कार्रवाई को फर्जी मुठभेड़ बताया।
परिजनों का आरोप है कि दोनों युवक केवल कोल्ड ड्रिंक लेने गए थे, लेकिन पुलिस ने बिना बातचीत किए सीधे गोली चला दी। इस मामले को लेकर परिजन और इनेलो के जिला अध्यक्ष कुनाल गहलावत पुलिस कमिश्नर से भी मिले और निष्पक्ष जांच की मांग की।
पुलिस के अनुसार, रोहतक में हुए एक गोलीकांड के संदिग्धों की तलाश में सूचना मिली थी कि एक बिना नंबर प्लेट की वेन्यू कार सोनीपत की ओर आ रही है। इसी आधार पर गोहाना-फरमाणा रोड पर नाकाबंदी की गई थी।
पुलिस का कहना है कि जब संदिग्ध कार को रोकने का प्रयास किया गया तो उसमें सवार युवक गाड़ी छोड़कर खेतों की ओर भागने लगे। इस दौरान अफरा-तफरी में हुई कार्रवाई में शौर्य के पैर में गोली लगी। पुलिस ने अमित को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। घटना के बाद घायल शौर्य को पहले गोहाना सिविल अस्पताल और फिर निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज जारी है।
वहीं, आईएसओ जिला अध्यक्ष इशू दहिया ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा कि शौर्य और अमित का कोई आपराधिक रिकॉर्ड नहीं है। वे ड्रेन सफाई के ठेके से जुड़े काम के सिलसिले में मौके पर थे और गर्मी के कारण कोल्ड ड्रिंक लेने गए थे।
परिजनों का आरोप है कि पुलिस ने बिना पहचान किए जल्दबाजी में गोली चलाई, जो एक बड़ी लापरवाही है। उन्होंने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है।
इस मामले में पुलिस कमिश्नर ने जांच का आश्वासन दिया है। वहीं, एसीपी अजीत सिंह ने कहा कि पूरे घटनाक्रम की जांच की जा रही है और तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई होगी।
Akhil Mahajan