सोनीपत में इंश्योरेंस पॉलिसी के नाम पर 35.28 लाख की साइबर ठगी का भंडाफोड़, दो गिरफ्तार
सोनीपत पुलिस ने इंश्योरेंस पॉलिसी के नाम पर 35.28 लाख रुपये की साइबर ठगी करने वाले गिरोह का भंडाफोड़ कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
➤ इंश्योरेंस पॉलिसी के नाम पर 35.28 लाख की साइबर ठगी का भंडाफोड़
➤ उत्तर प्रदेश से दो आरोपी गिरफ्तार, 71 हजार रुपये होल्ड
➤ फर्जी कॉल और खातों के जरिए पीड़ित को बनाया शिकार
सोनीपत पुलिस ने साइबर ठगी के एक बड़े मामले का खुलासा करते हुए इंश्योरेंस पॉलिसी के नाम पर करीब 35,28,010 रुपये की धोखाधड़ी करने वाले अंतर-राज्यीय गिरोह का भंडाफोड़ किया है। इस कार्रवाई में पुलिस ने उत्तर प्रदेश के सोनहौल और गौहरो क्षेत्र से दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि ठगी की राशि में से 71 हजार रुपये बैंक खातों में होल्ड करवाए गए हैं।
यह कार्रवाई पुलिस आयुक्त ममता सिंह (IPS) और डीसीपी पश्चिम व साइबर सोनीपत कुशल पाल सिंह के नेतृत्व में की गई। थाना साइबर सोनीपत की टीम ने प्रबंधक निरीक्षक बसंत कुमार के नेतृत्व में त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपियों तक पहुंच बनाई।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान ओम प्रकाश उर्फ गुड्डू और नागेंद्र के रूप में हुई है, जो उत्तर प्रदेश के रहने वाले हैं। पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपी फर्जी दस्तावेजों के आधार पर बैंक खाते खुलवाकर लोगों से ठगी करते थे।
मामले की शुरुआत 30 जनवरी 2026 को हुई शिकायत से हुई, जब सैनीपुरा निवासी राजेश ने साइबर थाना में शिकायत दर्ज कराई। पीड़ित ने बताया कि उसने एक बीमा कंपनी में पॉलिसी करवा रखी थी। इसी दौरान उसे एक महिला का फोन आया, जिसने पॉलिसी की जमा राशि निकलवाने के नाम पर किस्त जमा कराने के लिए कहा।
इसके बाद अलग-अलग नंबरों से कॉल कर खुद को कंपनी का प्रतिनिधि बताने वाले लोगों ने उसे भरोसे में लिया। पीड़ित ने उनके कहने पर गूगल पे और फोन पे के माध्यम से कई खातों में कुल 35,28,010 रुपये ट्रांसफर कर दिए। बाद में उसे पता चला कि यह पूरा मामला एक सुनियोजित साइबर ठगी था।
पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपियों के पास से दो मोबाइल फोन बरामद किए हैं, जिनमें ठगी से जुड़े अहम सुराग मिलने की संभावना है। रिमांड अवधि पूरी होने के बाद आरोपियों को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया है।
सोनीपत पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि किसी भी अनजान कॉल, लिंक या निवेश के झांसे में न आएं और किसी भी प्रकार के साइबर फ्रॉड की स्थिति में तुरंत 1930 हेल्पलाइन पर शिकायत दर्ज कराएं।
Akhil Mahajan