सोनीपत में एसीबी ने बिजली विभाग के एएलएम को 3 हजार रिश्वत लेते रंगे हाथ पकड़ा
सोनीपत में एसीबी ने बिजली विभाग के सहायक लाइनमैन को नया मीटर लगाने के बदले 3 हजार रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया।
■ सोनीपत में एसीबी ने बिजली विभाग के एएलएम को 3 हजार रिश्वत लेते रंगे हाथ पकड़ा
■ नया बिजली मीटर लगाने के बदले मांगे थे 5 हजार, बाद में 3 हजार में हुआ सौदा
■ कालूपुर चुंगी इलाके में ट्रैप लगाकर आरोपी कर्मचारी को किया गिरफ्तार
हरियाणा में भ्रष्टाचार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) ने सोनीपत में बिजली विभाग के एक कर्मचारी को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान औद्योगिक क्षेत्र सोनीपत में तैनात सहायक लाइनमैन (ALM) जयबीर सिंह के रूप में हुई है। एसीबी की टीम ने उसे कालूपुर चुंगी इलाके में ट्रैप लगाकर पकड़ा।
जानकारी के अनुसार, शिकायतकर्ता दहिया कॉलोनी की गली नंबर-1 में चारा काटने की दुकान चलाता है। उसने एसीबी को दी शिकायत में बताया कि 10 अप्रैल को बिजली विभाग ने बकाया बिल का हवाला देकर उसकी दुकान का बिजली मीटर उतार लिया था। इसके बाद उसने नया मीटर लगवाने के लिए विभागीय कर्मचारियों से संपर्क किया।
आरोप है कि इसी दौरान सहायक लाइनमैन जयबीर सिंह ने नया मीटर लगाने के बदले 5 हजार रुपये रिश्वत की मांग की। शिकायतकर्ता ने रकम देने में असमर्थता जताई तो बाद में सौदा 3 हजार रुपये में तय हो गया।
शिकायत मिलने के बाद एसीबी ने मामले की प्राथमिक जांच की। जांच में आरोप सही पाए जाने पर टीम ने योजनाबद्ध तरीके से ट्रैप लगाया। आरोपी ने शिकायतकर्ता को कालूपुर चुंगी क्षेत्र में बुलाया था।
तय योजना के तहत शिकायतकर्ता ने जैसे ही आरोपी कर्मचारी को रिश्वत की रकम दी, उसी दौरान पहले से मौके पर मौजूद एसीबी सोनीपत की टीम ने कार्रवाई करते हुए उसे रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया।
एसीबी अधिकारियों के मुताबिक आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निरोधक अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। अब उससे पूछताछ की जा रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि वह पहले भी इस तरह की गतिविधियों में शामिल रहा है या नहीं।
pooja