10 लाख का कड़ा ठुकराकर सिंगर ने जीता सबका दिल

पंजाबी सिंगर काशीनाथ गोल्ड ने लुधियाना में धार्मिक मंच पर 10 तोले का सोने का कड़ा लौटाकर सादगी और भक्ति की मिसाल पेश की। बोले– “सोने से प्यार हुआ तो इबादत मिट्टी हो जाएगी।”

10 लाख का कड़ा ठुकराकर सिंगर ने जीता सबका दिल
  • सिंगर काशीनाथ गोल्ड ने स्टेज पर 10 तोले का सोने का कड़ा लौटाया

  • बोले– “सोने से प्यार हुआ तो इबादत मिट्टी हो जाएगी

  • धार्मिक मंच पर दी आस्था, सादगी और गुरुभक्ति की सीख


लुधियाना। पंजाबी सिंगर काशीनाथ गोल्ड ने अपने सादगी और भक्ति भाव से सभी का दिल जीत लिया। शनिवार रात लुधियाना के बाबा जीवन सिंह नगर की गली नंबर-1 में आयोजित जय मां अंबे क्लब के धार्मिक कार्यक्रम के दौरान, उन्हें एक व्यक्ति ने 10 तोले का सोने का कड़ा भेंट किया।

कड़ा हाथ में लेते ही सिंगर काशीनाथ बोले, “ये तो सोने का कड़ा है, 10 लाख की कीमत होगी। मैं इसे स्वीकार नहीं कर सकता। अगर मैंने इसे लिया तो गुरुओं-पीरों की शिक्षा खत्म हो जाएगी।”

सिंगर को स्टेज पर कड़ा देता व्यक्ति।

उन्होंने कड़ा हाथ में घुमाते हुए कहा, “इससे प्यार हो गया तो मेरी इबादत मिट्टी हो जाएगी। इसके लिए मैंने अपनी साधना नहीं की थी।” उन्होंने मंच से ही कड़ा लौटाते हुए कहा, “मैं कलगीधर को क्या जवाब दूंगा? वो कहेगा तू लालची हो गया।

काशीनाथ ने आगे कहा, “जहां इतने हीरे जैसे लोग बैठे हों, वहां सोने का क्या काम। भगवान को पाने के लिए तो मरना पड़ता है, ये दुनियावी चीजें बहुत तुच्छ हैं।”

अंत में उन्होंने व्यक्ति से कहा, “आपने मेरे सिर पर हाथ रख दिया, इतना ही बहुत है। जिंदा रहे तो बार-बार मिलेंगे, मर गए तो हरिद्वार मिलेंगे।

हरियाणा के कैथल में जन्मे सिंगर काशीनाथ फिलहाल मोहाली में रहते हैं और अपने भक्ति गीतों और धार्मिक आयोजनों के लिए जाने जाते हैं।