दिलजीत दोसांझ के गाने पर रील में मुस्कुराती दिखीं मुस्कान... अगले दिन इंटरनेशनल कबड्डी खिलाड़ी की पत्नी की संदिग्ध मौत
रोहतक में इंटरनेशनल कबड्डी खिलाड़ी शीलू बल्हारा की पत्नी मुस्कान घर में मृत मिलीं। पुलिस जांच में जुटी है, जबकि मायके पक्ष ने घर के बाहर हंगामा किया।
➤ रोहतक के बहु अकबरपुर गांव में इंटरनेशनल कबड्डी खिलाड़ी शीलू बल्हारा की पत्नी मुस्कान घर में फंदे पर मिली
➤ घटनास्थल से सुसाइड नोट मिलने की चर्चा, पुलिस ने फोरेंसिक जांच शुरू की
➤ मायके पक्ष ने किया हंगामा, पुलिस शीलू बल्हारा को पूछताछ के लिए साथ ले गई
हरियाणा के रोहतक जिले के बहु अकबरपुर गांव में शुक्रवार को इंटरनेशनल कबड्डी खिलाड़ी शीलू बल्हारा के घर उस समय मातम छा गया, जब उनकी 23 वर्षीय पत्नी मुस्कान बल्हारा घर के अंदर फंदे पर मृत मिलीं। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और फोरेंसिक टीम को बुलाकर जांच शुरू कर दी। शाम करीब 7:15 बजे मुस्कान के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए PGI रोहतक भेजा गया। घटना के बाद मायके पक्ष के लोगों ने घर के बाहर हंगामा किया। पुलिस ने स्थिति को संभालते हुए कबड्डी खिलाड़ी शीलू बल्हारा को भी पूछताछ के लिए अपने साथ ले लिया। पुलिस ने अभी मामले में कोई आधिकारिक निष्कर्ष नहीं दिया है और सभी पहलुओं की जांच जारी है।
घटनास्थल से सुसाइड नोट मिलने की चर्चा
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार घटनास्थल से एक सुसाइड नोट मिलने की बात भी सामने आई है। हालांकि पुलिस ने इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। बहु अकबरपुर थाना प्रभारी जसबीर ने केवल इतना कहा कि मामले की जांच की जा रही है और शनिवार को पोस्टमॉर्टम के बाद आगे की कार्रवाई होगी।
2023 में हुई थी शादी, पिछले साल बेटे का हुआ था जन्म
मुस्कान मूल रूप से महम के फरमाना गांव की रहने वाली थीं। उनकी शादी 8 दिसंबर 2023 को शीलू बल्हारा से हुई थी। नवंबर 2025 में उन्होंने बेटे हार्दिक को जन्म दिया था। परिवार में सब कुछ सामान्य दिखाई देता था, लेकिन शुक्रवार की घटना ने सभी को स्तब्ध कर दिया।
पड़ोसियों ने बताया घटनाक्रम
पड़ोस में रहने वाली एक महिला ने नाम प्रकाशित न करने की शर्त पर बताया कि शाम करीब 4 बजे घर के अंदर से आवाजें आ रही थीं। परिवार के लोग लगातार दरवाजा खटखटा रहे थे और मुस्कान को आवाज लगा रहे थे। कुछ देर बाद रिश्तेदारी के एक युवक ने दरवाजा तोड़ा, जहां मुस्कान फंदे पर लटकी हुई मिलीं।
सास-बहू के विवाद की भी चर्चा
स्थानीय लोगों का दावा है कि मुस्कान और उनकी सास के बीच अक्सर विवाद होता रहता था। हालांकि पुलिस ने इस संबंध में कोई आधिकारिक टिप्पणी नहीं की है। जांच के दौरान परिवार के सभी सदस्यों से पूछताछ की जा रही है।
एक दिन पहले सोशल मीडिया पर साझा की थी रील
मुस्कान ने घटना से एक दिन पहले अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर गायक दिलजीत दोसांझ के गीत पर एक रील साझा की थी। इसके बाद शुक्रवार को हुई घटना ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं।
शीलू बल्हारा ने पॉडकास्ट में कही थी शादी की बात
एक पॉडकास्ट में शीलू बल्हारा ने बताया था कि उनकी मां लंबे समय से बीमार रहती हैं। परिवार की इच्छा पर उनकी कम उम्र में शादी हुई थी और वे अपने वैवाहिक जीवन से खुश थे।
कौन हैं शीलू बल्हारा
रोहतक के बहु अकबरपुर गांव निवासी शीलू बल्हारा इंटरनेशनल स्तर के सर्कल स्टाइल कबड्डी खिलाड़ी हैं। उन्हें पंजाब में 'हरियाणा आला चीता' के नाम से जाना जाता है। वे अमेरिका सहित कई देशों में कबड्डी खेल चुके हैं और कई प्रतिष्ठित टूर्नामेंट जीत चुके हैं। वे अब तक 24 ट्रैक्टर, 50 से अधिक बुलेट मोटरसाइकिल और एक कंबाइन मशीन पुरस्कार के रूप में जीत चुके हैं।
Akhil Mahajan