हरियाणा में संगठन को बूथ तक मजबूत करेगी कांग्रेस, बेरोज़गारी और महंगाई पर भाजपा को घेरा

हरियाणा कांग्रेस ने बूथ स्तर तक संगठन मजबूत करने का अभियान तेज करने का ऐलान किया। संजय दत्त और राव नरेंद्र सिंह ने बेरोज़गारी, महंगाई और सरकारी भर्तियों में देरी को लेकर भाजपा सरकार पर निशाना साधा।

हरियाणा में संगठन को बूथ तक मजबूत करेगी कांग्रेस, बेरोज़गारी और महंगाई पर भाजपा को घेरा

संजय दत्त बोले- मजबूत संगठन ही कांग्रेस की सबसे बड़ी ताकत
राव नरेंद्र सिंह ने कहा- बूथ स्तर तक जनआंदोलन खड़ा करेगी कांग्रेस
भर्ती में देरी, बेरोज़गारी और महंगाई को लेकर भाजपा सरकार पर साधा निशाना


चंडीगढ़/पलवल। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के हरियाणा मामलों के प्रभारी संजय दत्त और हरियाणा प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह ने शुक्रवार को फरीदाबाद और पलवल जिला कांग्रेस कार्यकारिणी की बैठकों के साथ होडल, हथीन और पलवल विधानसभा क्षेत्रों के पदाधिकारियों, वरिष्ठ नेताओं और कार्यकर्ताओं के साथ विस्तृत संगठनात्मक संवाद किया। बैठकों में बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने, आगामी राजनीतिक कार्यक्रमों, जनसंपर्क अभियान को तेज करने और जनहित के मुद्दों पर संघर्ष की रणनीति पर विस्तार से चर्चा हुई।

संगठन जितना मजबूत होगा, जनता की आवाज उतनी बुलंद होगी

बैठकों को संबोधित करते हुए संजय दत्त ने कहा कि कांग्रेस का समर्पित कार्यकर्ता ही पार्टी की सबसे बड़ी ताकत है। उन्होंने कहा कि संगठन जितना मजबूत होगा, जनता की आवाज उतनी प्रभावी तरीके से उठाई जा सकेगी। पार्टी का लक्ष्य हर बूथ तक मजबूत संगठन तैयार करना है। इसके लिए कार्यकर्ताओं को घर-घर जाकर कांग्रेस की नीतियों, विचारधारा और जनहित के कार्यक्रमों को लोगों तक पहुंचाने के साथ आमजन की समस्याओं को संगठन के माध्यम से मजबूती से उठाना होगा।

भाजपा सरकार की नीतियों के खिलाफ जनआंदोलन का ऐलान

हरियाणा प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह ने कहा कि प्रदेश में भाजपा सरकार के लंबे कार्यकाल के दौरान युवा बेरोज़गारी, किसान आर्थिक संकट और महंगाई जैसी समस्याओं से जूझ रहे हैं। कांग्रेस इन सभी मुद्दों को सड़क से लेकर सदन तक मजबूती से उठाती रहेगी। उन्होंने कहा कि संगठन की मजबूती ही कांग्रेस की सबसे बड़ी शक्ति है और हर कार्यकर्ता पार्टी की रीढ़ है। कांग्रेस बूथ स्तर तक संगठन को सक्रिय कर भाजपा सरकार की जनविरोधी नीतियों के खिलाफ जनआंदोलन खड़ा करेगी।

सरकारी भर्तियों में देरी पर सरकार को घेरा

संजय दत्त और राव नरेंद्र सिंह ने प्रदेश में बढ़ती बेरोज़गारी और सरकारी भर्तियों में लगातार हो रही देरी को लेकर भाजपा सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि लाखों युवा वर्षों से भर्ती प्रक्रियाओं के पूरा होने का इंतजार कर रहे हैं, लेकिन सरकार समयबद्ध और पारदर्शी नियुक्तियां सुनिश्चित करने में विफल रही है।

दोनों नेताओं ने मांग की कि सभी रिक्त सरकारी पदों पर जल्द भर्ती प्रक्रिया पूरी की जाए और युवाओं के भविष्य के साथ किसी भी प्रकार का खिलवाड़ बंद किया जाए।

गांव-गांव तक पहुंचेगी कांग्रेस

दोनों नेताओं ने कहा कि कांग्रेस जनहित से जुड़े हर मुद्दे पर जनता के साथ मजबूती से खड़ी है। संगठन की ताकत के बल पर पार्टी प्रदेश के प्रत्येक गांव, वार्ड और बूथ तक पहुंचेगी और भाजपा सरकार की जनविरोधी नीतियों को जनता के बीच उजागर करेगी। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अनुशासन, समर्पण और पूरी ऊर्जा के साथ संगठन विस्तार और जनसंपर्क अभियान को आगे बढ़ाने का आह्वान किया।

बैठक में कई वरिष्ठ नेता रहे मौजूद

बैठकों में प्रदेश कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष चौधरी उदयभान, पूर्व मंत्री करण सिंह दलाल, पूर्व विधायक नीरज शर्मा, फरीदाबाद जिला कांग्रेस अध्यक्ष बलजीत कौशिक, पलवल जिला कांग्रेस अध्यक्ष नेत्रपाल अधाना, विजय प्रताप सिंह, रोहित नागर, पराग शर्मा, संबंधित विधानसभा क्षेत्रों के वरिष्ठ नेता, जिला एवं ब्लॉक पदाधिकारी, अग्रिम संगठनों के प्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।