गर्लफ्रेंड के सामने ही पुलिस अफसर की बेइज्जती! कार घेरकर पीटा, फिर लड़की को साथ ले गए बदमाश।
फरीदाबाद में एएसआई से मारपीट कर बदमाश उसकी महिला मित्र का कार सहित अपहरण कर ले गए। पुलिस ने पीछा कर युवती को सकुशल बरामद किया और दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
➤ सेक्टर-78 में ASI से मारपीट कर महिला मित्र का कार सहित अपहरण
➤ क्राइम ब्रांच ने पीछा कर युवती को सकुशल छुड़ाया, दो आरोपी गिरफ्तार
➤ आरोपियों ने युवती से मारपीट की, वारदात में प्रयुक्त कार भी बरामद
हरियाणा के फरीदाबाद में शुक्रवार रात एक सनसनीखेज घटना सामने आई। बीपीटीपी थाना में तैनात एएसआई धर्मेंद्र अपनी एक महिला मित्र के साथ सेक्टर-78 स्थित विज्ञान भवन के पीछे कार में बैठे थे। इसी दौरान तीन युवकों ने मोटरसाइकिल लगाकर उनकी कार का रास्ता रोक लिया। एएसआई के विरोध करने पर आरोपियों ने उनके साथ मारपीट शुरू कर दी। कुछ ही देर में दो अन्य युवक भी मौके पर पहुंच गए। उनमें से एक के हाथ में सरिया था, जिससे एएसआई पर हमला किया गया। इसी दौरान बदमाश महिला मित्र को उसी कार में बैठाकर मौके से फरार हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस और क्राइम ब्रांच की टीम सक्रिय हुई और कुछ ही समय में युवती को सकुशल बरामद कर लिया गया।
रास्ता रोककर किया हमला
पुलिस में दर्ज मुकदमे के अनुसार, एएसआई धर्मेंद्र रात करीब 10 बजे अपनी महिला मित्र के साथ कार में मौजूद थे। महिला पेशे से डेंटल डॉक्टर बताई गई है। इसी दौरान तीन युवक मोटरसाइकिल से आए और कार के आगे वाहन लगाकर रास्ता रोक दिया।
जब एएसआई ने रास्ता रोकने का कारण पूछा तो युवकों ने उनके साथ मारपीट शुरू कर दी। कुछ ही देर बाद दो अन्य युवक भी वहां पहुंच गए। उनमें से एक के हाथ में लोहे का सरिया था, जिससे एएसआई पर हमला किया गया।
महिला को कार सहित ले गए आरोपी
मारपीट के दौरान महिला कार के अंदर ही बैठी रही। इसी बीच एक आरोपी ड्राइविंग सीट पर बैठ गया, जबकि दूसरा युवक पीछे की सीट पर महिला के साथ बैठ गया। इसके बाद दोनों आरोपी महिला को उसी कार में बैठाकर मौके से फरार हो गए।
पीड़िता के अनुसार आरोपी उसे काफी देर तक अलग-अलग स्थानों पर घुमाते रहे और उसके साथ मारपीट भी की।
पुलिस की तेजी से बची युवती
मारपीट के दौरान एएसआई धर्मेंद्र ने एक आरोपी को मौके पर ही पकड़ लिया। इसके बाद उन्होंने अपने थाने और विभिन्न क्राइम ब्रांच इकाइयों को सूचना दी।
सूचना मिलते ही क्राइम ब्रांच सेक्टर-75 और सेक्टर-65 की टीमें मौके पर पहुंचीं। पुलिस ने पकड़े गए आरोपी से पूछताछ कर अन्य आरोपियों के मोबाइल नंबर हासिल किए और उनकी लोकेशन ट्रेस कर पीछा शुरू किया।
बस अड्डे के पास दबोचे गए आरोपी
पुलिस ने गांव फरीदपुर के बस अड्डे के पास कार को घेर लिया और महिला को सकुशल बरामद कर लिया। इस दौरान अपहरण में शामिल दो आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया गया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान गांव भतौला निवासी यश और गांव फरीदपुर निवासी यशराज के रूप में हुई है। घायल युवती को उपचार के लिए अकार्ड अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
सुनसान इलाकों में वारदातों पर स्थानीय लोगों ने जताई चिंता
स्थानीय लोगों का कहना है कि ग्रेटर फरीदाबाद के कुछ इलाके रात के समय काफी सुनसान रहते हैं। यहां अक्सर प्रेमी जोड़े आते हैं, जिनको निशाना बनाकर कुछ असामाजिक तत्व मारपीट, लूटपाट और अन्य अपराधों को अंजाम देते हैं। लोगों ने मांग की है कि गिरफ्तार आरोपियों से गहन पूछताछ की जाए ताकि यह पता चल सके कि वे पहले भी ऐसी घटनाओं में शामिल रहे हैं या नहीं।
Akhil Mahajan