यूपी-हरियाणा बॉर्डर पर 4.10 करोड़ की स्मैक बरामद, दो तस्कर गिरफ्तार
यूपी-हरियाणा सीमा से शामली पुलिस ने 4.10 करोड़ की स्मैक बरामद कर दो तस्करों को पकड़ा। राजस्थान से कोरियर के माध्यम से खेप मंगवाई जाती थी। नेटवर्क कई जिलों में फैला था।
-
यूपी-हरियाणा बॉर्डर पर 4.10 करोड़ की स्मैक बरामद, दो तस्कर गिरफ्तार
-
राजस्थान से कोरियर के माध्यम से मंगवाई जाती थी खेप
-
नेटवर्क पानीपत, करनाल, शामली, सहारनपुर सहित कई जिलों में फैला
यूपी और हरियाणा की सीमा से शामली पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए स्मैक की भारी खेप बरामद की है। पुलिस ने पानीपत के सनौली थाना क्षेत्र के गढ़ी बेसक निवासी गय्यूर सहित दो तस्करों को गिरफ्तार किया है, जबकि तीन आरोपी मौके से फरार हो गए। पुलिस के अनुसार बरामद की गई स्मैक की अनुमानित कीमत करीब 4.10 करोड़ रुपये है।
एसपी शामली नरेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि कैराना थाना पुलिस और एसओजी टीम ने शुक्रवार रात खुरगान रोड स्थित भारत नर्सिंग होम के पीछे नवीन उर्फ धोनी के घर पर छापेमारी की। यहां से टीम ने 4.10 किलोग्राम स्मैक और 33 हजार रुपये नकदी बरामद की। मौके से नवीन और गय्यूर को गिरफ्तार किया गया, जबकि इंतजार, फारूक और सावेज भागने में सफल रहे।
पूछताछ में आरोपियों ने खुलासा किया कि वे स्मैक की खेप राजस्थान से कोरियर के माध्यम से मंगवाते थे। विक्रम नामक व्यक्ति से फोन पर संपर्क कर खेप भेजी जाती थी। इसके बाद नवीन उर्फ धोनी के घर पर स्मैक में मिलावट कर पुड़िया तैयार की जाती थीं। यह छोटी फैक्ट्री लंबे समय से सक्रिय थी।
पुलिस के अनुसार इनकी सप्लाई का नेटवर्क शामली, मुजफ्फरनगर, सहारनपुर के साथ-साथ हरियाणा के पानीपत, करनाल और नजदीकी जिलों तक फैला हुआ था। एसपी ने इसे एक पेशेवर गिरोह बताते हुए कहा कि छह और आरोपी चिन्हित किए गए हैं, जिनकी गिरफ्तारी के लिए कई टीमें गठित की गई हैं।
यमुना के किनारे बसे गांवों में नशे का नेटवर्क लंबे समय से सक्रिय है। विशेषकर राणा माजरा और गढ़ी बेशक गांवों के युवाओं पर कई प्राथमिकी दर्ज हैं। स्थानीय पंचायत प्रतिनिधि खुर्शीद अहमद ने बताया कि स्मैक के कारण कई युवाओं की जानें जा चुकी हैं। पंचायत लगातार पुलिस का सहयोग करती है, लेकिन तस्कर यमुना नदी के रास्तों का उपयोग कर फिर सक्रिय हो जाते हैं।
Author1