राजनीति पर बोले मासूम शर्मा- अभी गायकी और सिनेमा में ही मजा

भिवानी में मासूम शर्मा ने ‘लाइसेंस टू’ फिल्म का ऐलान किया और राजनीति में आने को लेकर कहा कि फिलहाल वह सिनेमा और गायकी पर ही ध्यान दे रहे हैं।

राजनीति पर बोले मासूम शर्मा- अभी गायकी और सिनेमा में ही मजा

➤ भिवानी पहुंचे मासूम शर्मा, हरियाणवी सिनेमा को मिल रहा जबरदस्त रिस्पॉन्स
➤ ‘लाइसेंस टू’ फिल्म की तैयारी, बड़े सितारों के साथ नजर आएंगे
➤ राजनीति में एंट्री पर बोले- अभी सिनेमा और गायकी में ही मजा


हरियाणा के भिवानी में पहुंचे मशहूर हरियाणवी गायक व कलाकार मासूम शर्मा ने अपनी फिल्मों और इंडस्ट्री को मिल रहे शानदार रिस्पॉन्स को लेकर खुलकर बात की। उन्होंने कहा कि जहां-जहां भी उनके शो हुए हैं, वहां दर्शकों का उत्साह काफी ज्यादा देखने को मिला है। सिनेमाघरों में उनकी फिल्मों के शो बढ़ाने पड़ रहे हैं, जबकि अन्य फिल्मों के शो कम करने की नौबत आ रही है।

उन्होंने बताया कि खासतौर पर भूत बंगला जैसी फिल्मों के शो घटाने पड़े, क्योंकि लोग अब अपनी मिट्टी से जुड़ी फिल्मों को देखने के लिए सिनेमाघरों तक पहुंच रहे हैं। उन्होंने कहा कि “माटी की खुशबू” वाली फिल्मों को दर्शक ज्यादा पसंद कर रहे हैं, जो हरियाणवी सिनेमा के लिए सकारात्मक संकेत है।

मासूम शर्मा ने कहा कि  लाइसेंस टू को लेकर जल्‍द आएंगे।  इस फिल्म में बड़े सितारों के साथ काम किया जाने का प्रयास किया जा रहा है।  उन्होंने बताया कि उनका काम स्टार्स की उपलब्धता सुनिश्चित करना और प्रोजेक्ट के लिए फाइनेंस का इंतजाम करना होता है, जिसकी जिम्मेदारी वह खुद निभा रहे हैं।

अपने करियर को लेकर उन्होंने कहा कि वह खुद को सिनेमा का छात्र मानते हैं और हरियाणा म्यूजिक इंडस्ट्री में अपनी मेहनत के दम पर पहचान बनाई है। उन्होंने अपनी फिल्मों में खुद निवेश किया और सफलता हासिल की।

वहीं राजनीति में आने को लेकर पूछे गए सवाल पर मासूम शर्मा ने साफ कहा कि फिलहाल उन्हें सिनेमा और गायकी में ही आनंद आ रहा है। जब सही समय आएगा, तब वह इस पर निर्णय लेंगे। अभी उनका पूरा ध्यान अपने कला और काम पर है।

विवादों को लेकर उन्होंने कहा कि कुछ लोगों ने उनकी छवि खराब करने की कोशिश की है। एक पत्रकार के साथ हुए विवाद का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि छोटी-छोटी बातों को बेवजह तूल दिया जाता है।

इस दौरान उन्होंने जिला पार्षद राहुल के लिए शुभकामनाएं भी दीं और कहा कि वह राजनीति में आगे बढ़ें, इसके लिए वह दुआ करेंगे। साथ ही उन्होंने कहा कि वह जल्द ही गंगा स्नान के लिए भी जाएंगे और दर्शकों से अपनी फिल्मों को प्यार देने की अपील की।