कोर्ट विवाद के बीच सपना चौधरी ने पति वीर साहू पर जताया प्यार
घरेलू हिंसा शिकायत और कोर्ट के आदेशों के बीच सपना चौधरी ने पति वीर साहू के साथ पुरानी रील साझा कर प्यार जताया। सोशल मीडिया पर दोनों के रिश्तों को लेकर नई चर्चाएं शुरू हो गई हैं।
- घरेलू हिंसा शिकायत और कोर्ट के आदेश के बीच सपना चौधरी ने पति वीर साहू पर जताया प्यार
- रील में लिखा- ‘मन्ने थोड़ी-थोड़ी तेरे पै मर लेन दें ना’, सोशल मीडिया पर फिर शुरू हुई चर्चाएं
- दो दिन पहले ही सपना ने कोर्ट से सुरक्षा मांगी थी, वीर साहू को संपर्क न करने के आदेश
हरियाणा की मशहूर डांसर और सिंगर सपना चौधरी तथा उनके पति वीर साहू के रिश्तों को लेकर पिछले कई दिनों से चल रही चर्चाओं के बीच एक नया मोड़ सामने आया है। घरेलू हिंसा के आरोपों और कोर्ट में सुरक्षा की मांग के बाद अब सपना चौधरी ने सोशल मीडिया पर पति वीर साहू के प्रति प्रेम जाहिर करते हुए एक रील साझा की है। इस पोस्ट के बाद दोनों के रिश्तों को लेकर नई चर्चाओं का दौर शुरू हो गया है।
दरअसल, कुछ दिन पहले सपना चौधरी ने दिल्ली की द्वारका महिला कोर्ट में पति वीर साहू के खिलाफ घरेलू हिंसा की शिकायत दर्ज कराई थी। सपना ने कोर्ट को ऑडियो और वीडियो सबूत भी सौंपे थे। मामले की सुनवाई के बाद अदालत ने वीर साहू को अगली सुनवाई तक सपना से दूर रहने और किसी भी माध्यम से संपर्क न करने के निर्देश दिए थे।
कोर्ट के आदेश के कुछ ही समय बाद दोनों की सोशल मीडिया गतिविधियां चर्चा का विषय बन गईं। सपना चौधरी ने एक पोस्ट में लिखा था, "यू जस्ट बिकम बहरा एंड मेंटेन ऑन योर चेहरा", जबकि वीर साहू ने जवाबी अंदाज में लिखा था, "अच्छी सूरत को संवरने की जरूरत क्या है?"। इन पोस्टों के बाद सोशल मीडिया पर दोनों के रिश्ते और संभावित तलाक को लेकर चर्चाएं तेज हो गई थीं।
इसी बीच गुरुवार को सपना चौधरी ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर एक पुरानी वीडियो साझा की। वीडियो में वह पति वीर साहू के साथ गौशाला में गायों को गुड़ खिलाती नजर आ रही हैं। इस वीडियो पर उन्होंने अपने गीत "आंख्या में" के बोलों के साथ रील बनाई, जिसमें सुनाई देता है, "मन्ने थोड़ी-थोड़ी तेरे पै मर लेन दें ना, आंख्या में मन्ने पिया बस लेण दें ना..."।
रील सामने आने के बाद उनके प्रशंसकों में हैरानी देखने को मिली। कई यूजर्स ने सवाल उठाए कि कुछ दिन पहले तक सुरक्षा की मांग करने वाली सपना अब सोशल मीडिया पर पति के प्रति प्रेम भाव व्यक्त करती दिखाई दे रही हैं। यही वजह है कि यह पोस्ट सोशल मीडिया पर चर्चा का केंद्र बनी हुई है।
वहीं वीर साहू ने भी गौशाला से जुड़ी वीडियो साझा की। एक वीडियो में वह गोवंश की सेवा करते नजर आए और भावुक अंदाज में कहा, "हे जगत माता, हे जगत जननी गौ माता, तुम्हें सब कुछ पता है, मेरे दर्द का भी पता है..."। वीडियो के अंत में उन्होंने कहा, "अब सौंप दिया इस जीवन का सब भार तुम्हारे हाथों में, मेरी जीत तुम्हारे हाथों में है और हार तुम्हारे हाथों में है।"
इसके अलावा वीर साहू ने एक और रील साझा की, जिसमें रागिनी के बोलों के जरिए अपनी भावनाएं व्यक्त करते दिखाई दिए। सोशल मीडिया यूजर्स का मानना है कि इन रील्स के माध्यम से वीर साहू अपने मन की स्थिति और निजी भावनाओं को व्यक्त कर रहे हैं।
उल्लेखनीय है कि सपना चौधरी ने अदालत में दायर याचिका में आरोप लगाया था कि वैवाहिक जीवन के दौरान उनके साथ कई बार मारपीट और दुर्व्यवहार हुआ। उन्होंने यह भी कहा था कि आगामी फिल्म ‘मोमाकू’ के प्रीमियर के दौरान सुरक्षा को लेकर उन्हें चिंता है। अदालत ने फिलहाल वीर साहू को सपना के घर, कार्यस्थल और आसपास जाने से रोकते हुए सुरक्षा संबंधी निर्देश जारी किए हैं।
अब सोशल मीडिया पर सामने आई इन नई पोस्टों ने लोगों को असमंजस में डाल दिया है। एक तरफ कोर्ट में चल रहा विवाद है तो दूसरी तरफ सोशल मीडिया पर दिख रहा प्रेम। ऐसे में फैंस और सोशल मीडिया यूजर्स दोनों के रिश्तों को लेकर लगातार चर्चा कर रहे हैं।
Akhil Mahajan