सुवेंदु बोले- मैंने ममता को हराया, इसीलिए पीए की हत्या :चंद्रनाथ की मां बोलीं- हार का बदला बेटे से लिया
पश्चिम बंगाल में भाजपा नेता सुवेंदु अधिकारी के पीए चंद्रनाथ रथ की गोली मारकर हत्या कर दी गई। मामले में तीन लोगों को हिरासत में लिया गया है और राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप तेज हो गए हैं।
- सुवेंदु अधिकारी के पीए चंद्रनाथ रथ की गोली मारकर हत्या
- सुवेंदु बोले- ममता को हराने की सजा दी गई
- पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल बाइक और कार बरामद की
पश्चिम बंगाल में चुनावी हिंसा के बीच भाजपा नेता और विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष सुवेंदु अधिकारी के पर्सनल असिस्टेंट चंद्रनाथ रथ की हत्या ने राज्य की राजनीति में बड़ा भूचाल ला दिया है। बुधवार देर रात नॉर्थ 24 परगना के मध्यमग्राम इलाके में बाइक सवार हमलावरों ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर चंद्रनाथ रथ की हत्या कर दी।
घटना के बाद गुरुवार को सुवेंदु अधिकारी ने बड़ा राजनीतिक आरोप लगाते हुए कहा कि यह हत्या इसलिए हुई क्योंकि उन्होंने भवानीपुर सीट पर मुख्यमंत्री ममता बनर्जी को हराया था। उन्होंने कहा कि इस हमले को बेहद सुनियोजित तरीके से अंजाम दिया गया है और यह एक प्लान्ड मर्डर है।
उधर, चंद्रनाथ रथ की मां ने भी भावुक बयान देते हुए कहा कि “ममता की हार का बदला मेरे बेटे की हत्या करके लिया गया है।” उन्होंने दावा किया कि पहले भी कुछ नेताओं की तरफ से धमकियां मिली थीं कि “4 तारीख के बाद कोई नहीं बचाएगा।”
पोस्टमार्टम रिपोर्ट में खुलासा हुआ है कि चंद्रनाथ रथ को चार गोलियां लगी थीं। पुलिस ने मामले में तीन लोगों को हिरासत में लिया है, हालांकि अभी यह साफ नहीं किया गया कि उन्हें कहां से पकड़ा गया।
जानकारी के मुताबिक, चंद्रनाथ रथ बुधवार रात करीब 10:30 बजे कोलकाता से मध्यमग्राम स्थित अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान डोलतला इलाके में एक कार ने उनकी स्कॉर्पियो का रास्ता रोक लिया। तभी बाइक पर सवार हमलावर पहुंचे और 6 से 10 राउंड फायरिंग कर दी।
हमलावरों ने बेहद करीब से फायरिंग की। दो गोलियां चंद्रनाथ रथ के सीने से आर-पार हो गईं, जबकि एक गोली उनके पेट में लगी। इस हमले में उनके ड्राइवर बुद्धदेब बेरा भी घायल हो गए। दोनों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने चंद्रनाथ को मृत घोषित कर दिया। ड्राइवर का इलाज जारी है।
फोरेंसिक जांच में शुरुआती तौर पर सामने आया है कि हमलावरों ने ग्लॉक 47X पिस्टल जैसी आधुनिक हथियार का इस्तेमाल किया। जांच एजेंसियों का मानना है कि इस तरह का हथियार आम अपराधियों के पास नहीं होता और हमला किसी प्रोफेशनल शूटर द्वारा अंजाम दिया गया हो सकता है।
पुलिस ने घटना में इस्तेमाल की गई कार और एक संदिग्ध बाइक बरामद कर ली है। जांच में पता चला कि कार पर लगी नंबर प्लेट फर्जी थी, जबकि बाइक पर कोई नंबर प्लेट नहीं थी। CCTV फुटेज भी सामने आया है, जिसमें चंद्रनाथ रथ की गाड़ी घटनास्थल से गुजरती दिखाई दे रही है।
घटना के बाद भाजपा कार्यकर्ताओं में भारी आक्रोश देखने को मिला। देर रात अस्पताल के बाहर बड़ी संख्या में समर्थक जमा हो गए और हंगामा किया। सुवेंदु अधिकारी ने पार्टी कार्यकर्ताओं से शांति बनाए रखने की अपील करते हुए कहा कि भाजपा बंगाल में “गुंडाराज” खत्म करने का काम करेगी।
वहीं, टीएमसी ने भाजपा के आरोपों को खारिज करते हुए मामले की कोर्ट निगरानी में CBI जांच की मांग की है। पार्टी ने बयान जारी कर कहा कि दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए और भाजपा तथा टीएमसी कार्यकर्ताओं की सभी हत्याओं की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए।
बताया जा रहा है कि 4 मई को चुनाव परिणाम आने के बाद पश्चिम बंगाल में अब तक 5 लोगों की हत्या हो चुकी है, जिनमें 3 भाजपा और 2 टीएमसी से जुड़े बताए जा रहे हैं।
Akhil Mahajan