धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री की पदयात्रा पलवल पहुंची, सुरक्षा कड़ी, 5 कंपनियों की सुरक्षा तैनात
धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री की सनातन एकता पदयात्रा पलवल पहुंची। यात्रा में मंत्री राजेश नागर शामिल हुए, सुरक्षा बढ़ाई गई। युवकों के स्टंट पर पुलिस ने सख्ती की।
-
धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री की सनातन एकता पदयात्रा चौथे दिन पलवल पहुंची
-
खाद्य मंत्री राजेश नागर शामिल, सुरक्षा में दो अतिरिक्त पुलिस कंपनियां तैनात
-
नेशनल हाइवे पर युवकों ने स्टंट किए, पुलिस ने तुरंत किया नियंत्रित
हरियाणा में बागेश्वर धाम के प्रमुख धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री की ‘सनातन एकता पदयात्रा’ सोमवार को चौथे दिन पलवल जिले में पहुंची। यात्रा ने फरीदाबाद की सीमाएं पार कर सुबह पलवल के सीनियर सेकेंडरी स्कूल से शुरुआत की। यात्रा में भारी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए।
सुबह करीब 8 बजे से यात्रा शुरू हुई और दिनभर पलवल जिले के विभिन्न इलाकों से होकर गुजरी। यात्रा के दौरान हरियाणा के खाद्य मंत्री राजेश नागर भी धीरेंद्र शास्त्री के साथ दिखाई दिए।
दिल्ली में हाल ही में लाल किला मेट्रो स्टेशन पर हुए धमाके के बाद से सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हैं। इसी कारण प्रशासन ने यात्रा के लिए 2 अतिरिक्त पुलिस कंपनियां तैनात की हैं। अब यात्रा के साथ कुल 5 कंपनियां और एक जैमर वाहन तैनात हैं। पूरे रास्ते में सुरक्षा बलों ने कड़ी निगरानी रखी।
इस बीच, पलवल नेशनल हाइवे पर कुछ युवकों ने ट्रैक्टर और बाइक से स्टंट करने की कोशिश की। मौके पर मौजूद पुलिस कमांडो ने तुरंत हालात को नियंत्रित किया और युवकों को भीड़ से हटाया।
यात्रा के दौरान जगह-जगह धीरेंद्र शास्त्री का स्वागत किया गया। गांव असावटा के पास यात्रा रुकने पर उन्होंने वाल्मीकि समाज के लोगों के साथ भोजन किया। शाम तक यात्रा गांव मित्रोल पहुंच गई, जहां धीरेंद्र शास्त्री के रात्रि विश्राम की तैयारी की गई है।
सोमवार शाम को पलवल में एक दुकान का छज्जा गिरने से कुछ लोग घायल हुए, हालांकि यात्रा इससे अप्रभावित रही। प्रशासन ने मौके पर तुरंत राहत कार्य शुरू कर दिए।
Author1