रोहतक में फाइनेंसर पर फायरिंग, कमर में गोली लगने के बाद 100 मीटर दौड़ा; खुद कार चलाकर पहुंचा अस्पताल
रोहतक की ओमेक्स सिटी में फाइनेंसर लवलेश पर फायरिंग हुई। कमर में गोली लगने के बावजूद वह 100 मीटर दौड़कर घर पहुंचा और खुद कार चलाकर अस्पताल गया।
हतक की ओमेक्स सिटी में फाइनेंसर पर देर रात फायरिंग
कमर में गोली लगने के बावजूद 100 मीटर दौड़कर घर पहुंचा घायल
खुद कार चलाकर अस्पताल पहुंचा, पुलिस जांच में जुटी
हरियाणा के रोहतक जिले की ओमेक्स सिटी में एक फाइनेंसर पर जानलेवा हमला कर दिया गया। दो अज्ञात युवकों ने फाइनेंसर पर फायरिंग कर दी, जिसमें एक गोली उसकी कमर में जा लगी। हैरानी की बात यह रही कि गोली लगने के बावजूद घायल व्यक्ति करीब 100 मीटर तक दौड़ता हुआ अपने घर पहुंचा और फिर खुद कार चलाकर अस्पताल पहुंच गया।
घायल की पहचान गांव डीघल निवासी 48 वर्षीय लवलेश उर्फ पप्पू के रूप में हुई है। लवलेश फाइनेंस का कारोबार करते हैं और हाल ही में ओमेक्स सिटी में शिफ्ट हुए थे। वह यहां अपना चार मंजिला मकान भी बनवा रहे हैं।
जानकारी के अनुसार रविवार रात करीब 8 से 9 बजे के बीच लवलेश अपने घर के पास गली में टहलते हुए मोबाइल फोन पर बात कर रहे थे। इसी दौरान दो युवक पैदल वहां पहुंचे और अचानक उन पर फायरिंग शुरू कर दी। हमले में एक गोली लवलेश की कमर में लगी।
गोली लगने के बाद लवलेश ने हिम्मत नहीं हारी। वह अपनी जान बचाने के लिए घटनास्थल से भागते हुए करीब 100 मीटर दूर स्थित अपने घर पहुंचे। रास्ते में वह फोन पर किसी से मदद मांगते हुए कहते रहे कि उन्हें गोली लगी है और जल्दी पहुंचो।
घर पहुंचने के बाद उन्होंने कार की चाबी ली और खुद ही वाहन चलाकर शहर के एक निजी अस्पताल पहुंचे। फिलहाल उनका इलाज जारी है और चिकित्सकों के अनुसार उनकी हालत स्थिर बनी हुई है।
पुलिस के अनुसार लवलेश ने प्रारंभिक पूछताछ में बताया कि वह हमलावरों को नहीं पहचानते। उन पर अचानक हमला किया गया और उन्हें यह भी नहीं पता कि फायरिंग के पीछे कौन लोग हैं और उनकी मंशा क्या थी।
घटना के प्रत्यक्षदर्शी शेर सिंह ने बताया कि उन्होंने एक व्यक्ति को पार्क की ओर से भागते हुए आते देखा। वह फोन पर किसी से बात कर रहा था और कह रहा था कि उसे गोली लगी है। इसके बाद उसने घर से चाबी ली और अस्पताल चला गया।
घटना की सूचना मिलते ही आईएमटी थाना पुलिस और सीआईए टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और साक्ष्य जुटाने शुरू कर दिए। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है।
आईएमटी थाना एसएचओ अश्विनी ने बताया कि पुलिस को ओमेक्स सिटी में फायरिंग की सूचना मिली थी। मौके पर पहुंचने के बाद पता चला कि घायल को निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने घायल के बयान दर्ज कर लिए हैं और मामले की गहन जांच जारी है।
Akhil Mahajan