रोहतक में पुलिस-बदमाश आमने-सामने: प्रदीप डागर गैंग के शूटर दीपक लाठर से मुठभेड़, गोलियां लगने के बाद पीजीआई भर्ती

रोहतक में प्रदीप डागर गैंग के शूटर दीपक लाठर और पुलिस के बीच देर रात मुठभेड़ हो गई। पुलिस पर फायरिंग के बाद जवाबी कार्रवाई में आरोपी घायल हो गया और उसे पीजीआई रोहतक में भर्ती कराया गया।

रोहतक में पुलिस-बदमाश आमने-सामने: प्रदीप डागर गैंग के शूटर दीपक लाठर से मुठभेड़, गोलियां लगने के बाद पीजीआई भर्ती

गांधरा और अटायल गांव के बीच देर रात हुई क्रॉस फायरिंग
पुलिस को देखकर भागते समय फिसली बाइक, फिर पुलिस पर झोंके फायर
जवाबी कार्रवाई में शूटर दीपक लाठर घायल, पीजीआई रोहतक में भर्ती


हरियाणा के रोहतक में एक बार फिर पुलिस और बदमाश आमने-सामने आ गए। देर रात गांव गांधरा और अटायल के बीच पुलिस और कुख्यात बदमाश के बीच जबरदस्त मुठभेड़ हो गई। इस दौरान प्रदीप डागर गैंग के शूटर दीपक लाठर को गोली लग गई। घायल हालत में उसे पीजीआई रोहतक में भर्ती करवाया गया है।

पुलिस को शूटर दीपक लाठर के इलाके में होने की गुप्त सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही CIA-2 इंचार्ज सतीश कादियान के नेतृत्व में पुलिस टीम सक्रिय हो गई और इलाके में नाकाबंदी कर दी गई। जब पुलिस ने संदिग्ध बाइक को रोकने का प्रयास किया तो आरोपी ने भागने की कोशिश की। इसी दौरान तेज रफ्तार में उसकी बाइक फिसलकर गिर गई

बाइक गिरने के बाद भी बदमाश ने आत्मसमर्पण नहीं किया। उसने पुलिस पार्टी को निशाना बनाते हुए फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस कर्मचारियों ने भी जवाबी कार्रवाई की। इस दौरान एक गोली पुलिस की गाड़ी को चीरते हुए निकल गई, जबकि एक पुलिसकर्मी की जान बुलेटप्रूफ जैकेट की वजह से बच गई। जवाबी कार्रवाई में दीपक लाठर को गोलियां लगीं और वह घायल हो गया, जिसके बाद उसे तुरंत अस्पताल ले जाया गया।

बताया जा रहा है कि CIA-2 इंचार्ज सतीश कादियान की टीम को कुछ ही दिनों में यह दूसरी बड़ी कामयाबी मिली है। इससे पहले भी इसी टीम ने प्रदीप डागर और सोमबीर मदीना को मुठभेड़ के बाद काबू किया था।

पुलिस के अनुसार यह बदमाश हाल ही में हुए प्रॉपर्टी डीलर सत्यवान हत्याकांड में भी शामिल था। हत्या के बाद बदमाशों ने सोशल मीडिया पर पोस्ट डालकर सत्यवान का शव देने से भी इनकार कर दिया था। बाद में पुलिस ने काफी तलाश के बाद जवाहर लाल नेहरू नहर से सत्यवान का शव बरामद किया था। अब इस मुठभेड़ के बाद पुलिस को उम्मीद है कि मामले में कई और अहम खुलासे हो सकते हैं।