ASI संदीप लाठर की मौत का मामला: वाई पूरन कुमार के गनमैन सुशील, पत्नी IAS पी अवनीत कौर, भटिंडा ग्रामीण के विधायक अमित रत्न व एक अन्य सहित 4 के खिलाफ एफआईआर दर्ज!
हरियाणा में ASI संदीप लाठर के परिवार ने पोस्टमॉर्टम से इंकार किया। सुसाइड नोट में IPS वाई पूरन कुमार पर आरोप, हुड्डा और अभय चौटाला ने न्याय और जांच की मांग की।
➤ ASI संदीप लाठर के परिवार ने पोस्टमॉर्टम से इनकार किया, शव लाढ़ौत गांव में रखा
➤ हुड्डा बोले- हाईकोर्ट के सीटिंग जज से जांच होनी चाहिए, अभय चौटाला ने CM इस्तीफा देने को कहा
➤ सुसाइड नोट और वीडियो में IPS वाई पूरन कुमार पर गंभीर आरोप, न्याय की मांग तेज
हरियाणा में ASI संदीप लाठर के आत्महत्या मामले में पुलिस ने रोहतक सदर थाना में FIR दर्ज कर ली है। सूत्रों के अनुसार एफआईआर में IPS वाई पूरन कुमार के गनमैन सुशील, IAS पत्नी अवनीत कौर, भटिंडा ग्रामीण के विधायक अमित रत्न और एक अन्य व्यक्ति को आरोपी बनाया गया है।
परिवार और राजनीतिक हस्तियों की मांग के बाद भी प्रशासन ने अभी FIR की कॉपी देने से इनकार किया है। यह कदम उस समय आया है जब संदीप लाठर ने अपने सुसाइड नोट में IPS वाई पूरन कुमार पर गंभीर आरोप लगाए थे। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और संबंधित व्यक्तियों से पूछताछ की तैयारी की जा रही है।
इस घटना ने हरियाणा में राजनीतिक और प्रशासनिक स्तर पर भारी हलचल पैदा कर दी है। ASI के परिवार ने पहले ही पोस्टमॉर्टम से इनकार कर रखा है और अब FIR दर्ज होने के बाद न्याय की प्रक्रिया तेज होने की उम्मीद जताई जा रही है।
हरियाणा के सीनियर IPS वाई पूरन कुमार पर भ्रष्टाचार के आरोप लगाकर ASI संदीप लाठर ने आत्महत्या कर ली। परिवार ने पोस्टमॉर्टम से इनकार करते हुए कहा कि जब तक केस दर्ज नहीं होगा, पोस्टमॉर्टम और अंतिम संस्कार नहीं होगा। संदीप का शव रोहतक के लाढ़ौत गांव में मामा के घर रखा गया है। रिश्तेदार और जानकार शोक व्यक्त करने के लिए पहुंच रहे हैं।
बुधवार सुबह मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी, कैबिनेट मंत्री कृष्ण लाल पंवार और महिपाल ढांडा परिवार से मिलने लाढ़ौत गांव पहुंचे। इसके अलावा इनेलो नेता सुनैना चौटाला और पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने भी परिजनों से मुलाकात की।
संदीप लाठर ने मंगलवार दोपहर करीब एक बजे धामड़ रोड पर अपने मामा के खेतों में बने कोठड़े की छत पर सर्विस रिवाल्वर से खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली। इससे पहले उन्होंने एक वीडियो बनाया और चार पेज का सुसाइड नोट छोड़ा, जिसमें IPS वाई पूरन कुमार पर भ्रष्टाचार और अन्य गंभीर आरोप लगाए गए।
पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा कि हरियाणा में हुई घटना बहुत दुखद है। उन्होंने परिवार से बात की और कहा कि जांच हाईकोर्ट के किसी मौजूदा (सीटिंग) जज से करवाई जानी चाहिए ताकि सच सामने आए। इनेलो नेता अभय चौटाला ने कहा कि हालात गंभीर हैं, सीएम को इस्तीफा देना चाहिए, और जांच सीबीआई या हाईकोर्ट जज से होनी चाहिए।
संदीप के मामा के बेटे संजय ने बताया कि CM ने कार्रवाई का आश्वासन दिया। परिवार की मांग है कि पहले जिनके नाम सुसाइड नोट में हैं, उन पर FIR दर्ज की जाए। इनेलो नेता सुनैना चौटाला ने कहा कि वे परिवार के साथ हैं और न्याय चाहते हैं। नवीन जयहिंद ने इसे आत्महत्या नहीं बल्कि भ्रष्ट और जातिवादी सिस्टम द्वारा की गई हत्या करार दिया और हाईकोर्ट/सुप्रीम कोर्ट के जज से जांच कराने की मांग की।
Author1