कैंटर ने बाइक सवार युवकों को कुचला, 2 की मौत
रेवाड़ी में दिल्ली-जयपुर हाईवे पर कैंटर ने बाइक सवार तीन युवकों को कुचल दिया। हादसे में दो युवकों की मौत हो गई, जबकि एक गंभीर रूप से घायल है।
- रेवाड़ी में कैंटर ने बाइक सवार युवकों को कुचला
- 2 युवकों की मौत, एक गंभीर घायल
- अस्पताल से लौटते समय हुआ दर्दनाक हादसा
हरियाणा के रेवाड़ी जिले में दिल्ली-जयपुर नेशनल हाईवे पर मंगलवार दोपहर दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार कैंटर ने बाइक सवार तीन युवकों को कुचल दिया, जिसमें दो युवकों की मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
मृतकों की पहचान राजगढ़ गांव निवासी 26 वर्षीय प्रवीण कुमार और 19 वर्षीय रोहित के रूप में हुई है। वहीं घायल युवक मनोज को गंभीर हालत में रेवाड़ी के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
जानकारी के अनुसार, तीनों युवक रेवाड़ी नागरिक अस्पताल में किसी मरीज से मिलने आए थे। वहां से वापस अपने गांव राजगढ़ लौटते समय आसलवास के पास उनकी बाइक सड़क पर पड़े कुछ सामान से भरे बैग पर चढ़ गई। इससे बाइक अनियंत्रित होकर सड़क पर गिर गई।
इसी दौरान पीछे से आ रहे तेज रफ्तार कैंटर ने तीनों युवकों को कुचल दिया। हादसा इतना भयानक था कि रोहित की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि प्रवीण ने अस्पताल ले जाते समय रास्ते में दम तोड़ दिया।
घटना के बाद हाईवे पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी। घायल मनोज को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया।
कसोला थाना प्रभारी सतीश ने बताया कि हादसे के बाद कैंटर चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने कैंटर को कब्जे में ले लिया है और आरोपी ड्राइवर की तलाश शुरू कर दी गई है।
पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। मामले में फरार कैंटर चालक के खिलाफ केस दर्ज कर जांच की जा रही है।
Akhil Mahajan