30 दिन की पैरोल पर फ‍िर जेल से बाहर आया राम रहीम

साध्वियों के यौन शोषण और पत्रकार हत्या मामले में उम्रकैद की सजा काट रहे गुरमीत राम रहीम को 30 दिन की पैरोल मिली। वह 16वीं बार जेल से बाहर आया है।

30 दिन की पैरोल पर फ‍िर जेल से बाहर आया राम रहीम
  • राम रहीम को 30 दिन की पैरोल मिली
  • 16वीं बार जेल से बाहर आया डेरा प्रमुख
  • सिरसा डेरे में बढ़ी हलचल, पुलिस प्रशासन अलर्ट

साध्वियों के यौन शोषण और पत्रकार छत्रपति हत्याकांड मामले में उम्रकैद की सजा काट रहे सिरसा डेरा प्रमुख गुरमीत राम रहीम इंसां को एक बार फिर पैरोल मिल गई है। मंगलवार सुबह वह रोहतक की सुनारिया जेल से 30 दिन की पैरोल पर बाहर आ गया। इस बार के साथ राम रहीम अब तक 16वीं बार जेल से बाहर आया है।

जानकारी के अनुसार, मंगलवार सुबह करीब 6:30 बजे राम रहीम को सुनारिया जेल से रिहा किया गया। जेल से बाहर आने के बाद वह भारी सुरक्षा व्यवस्था के बीच काफिले के साथ सिरसा डेरे के लिए रवाना हुआ। सुबह करीब 8:45 बजे से 9:15 बजे के बीच उसके सिरसा पहुंचने की संभावना जताई गई।

राम रहीम को इस वर्ष दूसरी बार पैरोल मिली है। इससे पहले जनवरी महीने में भी वह पैरोल पर जेल से बाहर आया था। लगातार मिल रही पैरोल को लेकर एक बार फिर राजनीतिक और सामाजिक चर्चाएं तेज हो गई हैं।

रोहतक की सुनारिया जेल के बाहर मंगलवार सुबह से ही सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई थी। जेल प्रशासन की ओर से अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया था। वहीं, सिरसा में भी पुलिस और प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर दिखाई दिया।

राम रहीम के सिरसा पहुंचने की सूचना के बाद डेरा सच्चा सौदा मुख्यालय में हलचल बढ़ गई। डेरा प्रेमियों और साध-संगत के बीच उत्साह देखा गया। डेरे के आसपास तैयारियां भी शुरू हो गईं। हालांकि, डेरा कमेटी की ओर से आधिकारिक तौर पर ज्यादा जानकारी साझा नहीं की गई।

गौरतलब है कि गुरमीत राम रहीम को सीबीआई अदालत ने साध्वियों के यौन शोषण मामले में दोषी ठहराते हुए सजा सुनाई थी। इसके अलावा पत्रकार रामचंद्र छत्रपति हत्याकांड में भी उसे उम्रकैद की सजा मिली हुई है। फिलहाल वह रोहतक की सुनारिया जेल में सजा काट रहा है।