'पीएम मोदी ने कुरुक्षेत्र को दी 617 करोड़ की सौगात,हरियाणा के पहले सिख म्यूजियम का हुआ शिलान्यास, 5 फाटक खत्म
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कुरुक्षेत्र को 617 करोड़ रुपए की दो बड़ी सौगातें दीं। हरियाणा के पहले सिख म्यूजियम का शिलान्यास और 447 करोड़ के एलिवेटेड रेलवे ट्रैक का लोकार्पण किया गया।
पीएम मोदी ने कुरुक्षेत्र को दी 617 करोड़ की दो बड़ी सौगातें
■ हरियाणा के पहले सिख म्यूजियम का हुआ शिलान्यास
■ 447 करोड़ के एलिवेटेड ट्रैक से खत्म हुए 5 रेलवे फाटक
कुरुक्षेत्र। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हरियाणा दौरे के दौरान शुक्रवार को कुरुक्षेत्र को 617 करोड़ रुपए की दो बड़ी विकास परियोजनाओं की सौगात दी। जींद से आयोजित कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री ने हरियाणा के पहले सिख म्यूजियम का वर्चुअल शिलान्यास किया और 447 करोड़ रुपए की लागत से बने एलिवेटेड रेलवे ट्रैक का लोकार्पण किया।
हरियाणा का पहला सिख म्यूजियम बनेगा नई पहचान
करीब 170 करोड़ रुपए की लागत से बनने वाला यह अत्याधुनिक सिख म्यूजियम दिल्ली-जम्मू नेशनल हाईवे-44 पर उमरी रोड के पास लगभग पांच एकड़ भूमि पर विकसित किया जाएगा।
इस संग्रहालय में गुरु नानक देव जी से लेकर गुरु गोबिंद सिंह जी तक के जीवन, शिक्षाओं और योगदान को डिजिटल और इंटरएक्टिव तकनीक के जरिए प्रदर्शित किया जाएगा।
म्यूजियम की खासियतें:
- 15 मीटर ऊंचा घूमता हुआ खंडा साहिब
- इंटरएक्टिव गैलरी और डिजिटल डिस्प्ले
- ऑडियो-वीडियो शो
- रिसर्च सेंटर और लाइब्रेरी
- ऑडिटोरियम और ओपन एयर थिएटर
- म्यूजिकल फाउंटेन और पार्किंग सुविधा
सरकार ने इस प्रोजेक्ट को तीन वर्षों में पूरा करने का लक्ष्य रखा है।
447 करोड़ का एलिवेटेड रेलवे ट्रैक शुरू
प्रधानमंत्री ने कुरुक्षेत्र में 5.84 किलोमीटर लंबे एलिवेटेड रेलवे ट्रैक का भी लोकार्पण किया। इस परियोजना के साथ हरियाणा का पहला एलिवेटेड रेलवे प्लेटफॉर्म भी तैयार हुआ है।
इस ट्रैक के शुरू होने से शहर के लोगों को वर्षों से लगने वाले ट्रैफिक जाम से राहत मिलेगी।
हमेशा के लिए बंद हुए 5 रेलवे फाटक
- झांसा रोड फाटक
- कच्चा घेर फाटक
- शास्त्री मार्केट फाटक
- एलएनजेपी अस्पताल के सामने फाटक
- थर्ड गेट रेलवे फाटक
अब ट्रेनें ऊंचे ट्रैक से गुजरेंगी, जिससे सड़क यातायात बिना किसी रुकावट के चलता रहेगा।
सांसद नवीन जिंदल ने बताया ऐतिहासिक उपलब्धि
सांसद नवीन जिंदल ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने हरियाणा के लिए 15 हजार करोड़ रुपए से अधिक की विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया है, जिससे प्रदेश के इंफ्रास्ट्रक्चर को नई गति मिलेगी।
उन्होंने कहा कि एलिवेटेड रेलवे ट्रैक कुरुक्षेत्र के लोगों की वर्षों पुरानी मांग थी और इसके शुरू होने से शहर की ट्रैफिक समस्या का स्थायी समाधान होगा।
pooja