पति के इलाज के बहाने बुलाया, फि‍र चाय में नशीला पदार्थ देकर महिला से दुष्कर्म , तीन दिन तक बंधक बनाए रखा

पानीपत की 22 वर्षीय महिला को पति के इलाज का झांसा देकर सहारनपुर ले जाने और तीन दिन तक बंधक बनाकर गैंगरेप करने का मामला सामने आया है। किला थाना पुलिस ने तीन आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है।

पति के इलाज के बहाने बुलाया, फि‍र चाय में नशीला पदार्थ देकर महिला से दुष्कर्म , तीन दिन तक बंधक बनाए रखा

इलाज के बहाने पानीपत की महिला को सहारनपुर ले जाकर गैंगरेप का आरोप
तीन दिन तक कमरे में बंधक बनाकर रखा, चाय में नशीला पदार्थ पिलाने का दावा
किला थाना पुलिस ने तीन आरोपियों पर केस दर्ज कर शुरू की तलाश

पानीपत की 22 वर्षीय महिला को इलाज का झांसा देकर उत्तर प्रदेश के सहारनपुर ले जाकर उसके साथ गैंगरेप करने और तीन दिन तक बंधक बनाकर रखने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पीड़िता ने आरोप लगाया है कि उसके जानकार ने उसके बीमार पति के इलाज का भरोसा देकर उसे अपने साथ ले गया और वहां नशीला पदार्थ देकर कमरे में कैद कर लिया। इस दौरान दो लोगों ने उसके साथ दुष्कर्म किया। किसी तरह मौका मिलने पर वह वहां से भागकर बची और अपने पति को सूचना दी। मामले में किला थाना पुलिस ने तीन आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

जानकार ने मौलवी से इलाज का दिया झांसा

पीड़िता ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसके पति लंबे समय से बीमार हैं, जिससे परिवार मानसिक और आर्थिक परेशानी से गुजर रहा है। इसी बीच उनके एक जानकार वसीम ने भरोसा दिलाया कि वह उसके पति का इलाज सहारनपुर के एक मौलवी से करवा सकता है। परिवार की मजबूरी का फायदा उठाते हुए उसने महिला को अपने साथ चलने के लिए तैयार कर लिया।

चाय में नशीला पदार्थ मिलाकर किया बेहोश

महिला के मुताबिक 26 फरवरी 2026 की सुबह करीब 6 बजे वसीम अपनी कार में उसे बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया। वह उसे सहारनपुर जिले के घाटापुर गांव में ले गया। रास्ते में और वहां पहुंचने के बाद उसे चाय-पानी में नशीला पदार्थ पिलाया गया, जिससे उसे लगातार चक्कर आने लगे और वह ठीक से विरोध भी नहीं कर पाई। इसके बाद आरोपी उसे एक कमरे में बंद कर बंधक बनाकर रखने लगे।

दो लोगों ने किया दुष्कर्म

पीड़िता का आरोप है कि वसीम ने उसे डरा-धमकाकर उसके साथ दुष्कर्म किया। इसके बाद उसके दोस्त सोहब ने भी उसके साथ दुष्कर्म किया। जब उसने वसीम के ताऊ तासीम से मदद की गुहार लगाई तो उसने मदद करने के बजाय उसे थप्पड़ मारे और आरोपियों का साथ दिया। आरोपियों ने उसे और उसके पति को जान से मारने की धमकी भी दी ताकि वह किसी को इस बारे में न बता सके।

तीन दिन बाद मौका मिलते ही भागी

महिला ने बताया कि तीन दिन तक उसे कमरे में कैद रखकर लगातार डराया-धमकाया जाता रहा। आखिरकार एक दिन मौका मिलते ही वह वहां से भाग निकली। बाहर जाकर उसने एक अनजान व्यक्ति से फोन लेकर अपने पति को सूचना दी। इसके बाद उसका पति उसे वहां से लेकर पानीपत वापस आया और पुलिस में शिकायत दी।

पुलिस ने दर्ज किया केस

किला थाना प्रभारी एसआई सुरेश कुमार के अनुसार पीड़िता की शिकायत के आधार पर नामजद आरोपी वसीम, सोहब और तासीम के खिलाफ BNS की धारा 115, 126, 127(3), 351(3) और 70(1) के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस टीम आरोपियों की तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है और जल्द गिरफ्तारी का दावा किया है।