पानीपत में आस्था की आड़ में दरिंदगी, तांत्रिक ने महिला से ......
पानीपत में तांत्रिक ने बेटे की बीमारी का झांसा देकर महिला को नशा दिया और असम ले जाकर दुष्कर्म किया। पुलिस ने महिला को बरामद कर आरोपी को गिरफ्तार किया।
• पानीपत में तांत्रिक ने आस्था के नाम पर महिला को नशीला पदार्थ देकर अपहरण किया
• असम के कामाख्या जंगलों में 10 दिन तक बंधक बनाकर महिला से दुष्कर्म
• आरोपी तांत्रिक गोरखपुर से गिरफ्तार, महिला सुरक्षित बरामद
हरियाणा के पानीपत में आस्था और तंत्र-मंत्र के नाम पर दरिंदगी और ठगी का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। एक तांत्रिक ने बेटे की बीमारी और कथित ऊपरी साए को दूर करने का झांसा देकर एक महिला को अपने जाल में फंसा लिया और उसके साथ बलात्कार जैसी जघन्य वारदात को अंजाम दिया।
पीड़िता ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसका बेटा लंबे समय से बीमार था और शरीर में दर्द की शिकायत रहती थी। बेटे की पीड़ा से परेशान होकर वह एक बाबा उर्फ तांत्रिक के संपर्क में आई। तांत्रिक ने भरोसा दिलाया कि बच्चे पर किसी का साया है और वह अपनी तंत्र-विद्या से उसे ठीक कर देगा। इसी भरोसे का फायदा उठाकर आरोपी ने महिला को फंसा लिया।
महिला के अनुसार, तांत्रिक ने शुद्धि क्रिया के बहाने उसे पानीपत में यमुना नदी के किनारे बुलाया। पहले प्रसाद दिया गया और फिर 4 जनवरी को गांव में ऑटो भेजकर उसे बुलवाया गया। रास्ते में आरोपी ने महिला को खाना दिया, जिसमें नशीला पदार्थ मिला हुआ था। खाना खाते ही महिला बेसुध हो गई।
पीड़िता ने बताया कि होश आने पर वह खुद को असम के कामाख्या क्षेत्र के घने जंगलों में एक कमरे में बंधक अवस्था में पाई। वहां तांत्रिक ने उसे करीब 10 दिनों तक बंधक बनाकर दुष्कर्म किया। महिला मदद के लिए चिल्लाती रही, लेकिन जंगल होने के कारण कोई सुनवाई नहीं हो सकी।
महिला के लापता होने के बाद परिजनों ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने लोकेशन ट्रेस कर महिला को सुरक्षित बरामद किया। इसके बाद आरोपी तांत्रिक को उत्तर प्रदेश के गोरखपुर से गिरफ्तार कर लिया गया। महिला को मेडिकल जांच के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
अस्पताल के बाहर मीडिया से बात करते हुए पीड़िता ने कहा कि वह चाहती है कि दरिंदे को सख्त से सख्त सजा मिले, ताकि कोई और महिला उसके जाल में न फंसे। पुलिस ने बताया कि आरोपी के खिलाफ अपहरण, नशीला पदार्थ देने और गैंगरेप जैसी गंभीर धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। आरोपी के अन्य साथियों की तलाश जारी है।
Akhil Mahajan