पानीपत से ऋषिकेश टूर पर जा रहे बच्चों की ट्रैवलर हादसे का शिकार, 13 घायल; दो ट्रकों के बीच फंसी गाड़ी

पानीपत से ऋषिकेश जा रही बच्चों और स्टाफ से भरी ट्रैवलर को तामशाबाद टोल के पास ट्रक ने टक्कर मार दी। हादसे में 13 लोग घायल हो गए।

पानीपत से ऋषिकेश टूर पर जा रहे बच्चों की ट्रैवलर हादसे का शिकार, 13 घायल; दो ट्रकों के बीच फंसी गाड़ी

➤ पानीपत से ऋषिकेश जा रही ट्रैवलर को तेज रफ्तार ट्रक ने पीछे से मारी टक्कर

➤ दो ट्रकों के बीच फंसने से बच्चों समेत 13 लोग गंभीर रूप से घायल

➤ पुलिस और स्थानीय लोगों ने शीशे तोड़कर घायलों को बाहर निकाला


पानीपत के सनौली थाना क्षेत्र में गुरुवार देर रात एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। शहर से ऋषिकेश टूर पर जा रहे बच्चों और एकेडमी संचालकों की 15-सीटर ट्रैवलर गाड़ी को एक तेज रफ्तार ट्रक ने पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि ट्रैवलर आगे चल रहे दूसरे ट्रक से जा टकराई और दो ट्रकों के बीच बुरी तरह फंस गई।

हादसे में श्रतिग्रस्त ट्रैवलर।

हादसे में चार बच्चों, एकेडमी संचालक और ड्राइवर समेत कुल 13 लोग घायल हो गए। सभी घायलों को स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया।

घायल अनमोल ने बताया कि वे शहर में एक एकेडमी संचालित करते हैं और हर साल बच्चों को शैक्षणिक व मनोरंजक टूर पर लेकर जाते हैं। इस बार भी पांच दिनों के लिए ऋषिकेश का कार्यक्रम बनाया गया था। गुरुवार रात करीब 12 बजे सभी बच्चे, स्टाफ और संचालक ट्रैवलर में सवार होकर ऋषिकेश के लिए रवाना हुए थे।

डेढ़ घंटे बाद ही हुआ बड़ा हादसा

अनमोल के अनुसार रात करीब 1:30 बजे जब ट्रैवलर तामशाबाद टोल प्लाजा के पास पहुंची तो पीछे से आ रहे एक तेज रफ्तार और अनियंत्रित ट्रक ने ट्रैवलर को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही ड्राइवर का संतुलन बिगड़ गया और गाड़ी आगे चल रहे दूसरे ट्रक में जा घुसी।

दोनों ओर से दबने के कारण ट्रैवलर बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। सीटें आपस में सिमट गईं, शीशे टूट गए और अंदर बैठे बच्चों व यात्रियों में चीख-पुकार मच गई।

ट्रैवलर के दो ट्रकों के बीच में आने के बाद सीटें इक्ट्‌ठी हो गई। कांच टूट गए।

शीशे तोड़कर बाहर निकाले घायल

हादसे की आवाज सुनकर आसपास के लोग और अन्य वाहन चालक तुरंत मौके पर पहुंचे। सूचना मिलने पर सनौली थाना पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। स्थानीय लोगों की मदद से पुलिस ने ट्रैवलर के शीशे और दरवाजे तोड़कर अंदर फंसे यात्रियों को बाहर निकाला। सभी घायलों को एम्बुलेंस के माध्यम से पानीपत सिविल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार किया।

बच्चों समेत 13 लोग घायल

हादसे में परी (18), शिवम (22), अनमोल (30), जानवी (26), कोमल (30), असलाफ (25), केशव (27), निवा (15), चार छोटे बच्चे और ट्रैवलर चालक घायल हुए हैं। प्राथमिक उपचार के बाद सभी को अस्पताल से छुट्टी दे दी गई। अब वे निजी अस्पतालों और पारिवारिक डॉक्टरों की निगरानी में उपचार करा रहे हैं।

पुलिस मामले की जांच कर रही है और हादसे के जिम्मेदार ट्रक चालक की तलाश में जुटी हुई है।