रिश्तों का खून: पानीपत में सरेआम पंचायत में चलीं गंडासियाँ, अपनों ने ही अपनों को किया लहूलुहान

Panipat News, Panchayat Fight, Knife Attack, Haryana Crime, Relatives Clash, Panipat Hospital, Family Dispute.

रिश्तों का खून: पानीपत में सरेआम पंचायत में चलीं गंडासियाँ, अपनों ने ही अपनों को किया लहूलुहान
  • मायके और ससुराल पक्ष के बीच चले चाकू और गंडासियाँ

  • करीब 12 साल पहले हुई थी युवती की शादी

  • विवाद सुलझाने के लिए बुलाई गई थी पंचायत

  • हमले में 4-5 लोग गंभीर रूप से घायल


पानीपत के ज्योति कॉलोनी इलाके में आज उस समय हड़कंप मच गया जब एक पारिवारिक विवाद को सुलझाने के लिए बैठी पंचायत देखते ही देखते खूनी जंग में तब्दील हो गई। रिश्तों की मर्यादा तार-तार हो गई और मायके व ससुराल पक्ष के लोग एक-दूसरे के खून के प्यासे हो गए। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, इस झड़प में चाकू और गंडासियों का खुलकर इस्तेमाल हुआ, जिससे मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

घटना की जड़ें लगभग 12 साल पहले हुई एक शादी से जुड़ी हैं। सोनीपत के जुआँ गांव की रहने वाली एक युवती का विवाह पानीपत की ज्योति कॉलोनी में हुआ था। पिछले काफी समय से पति-पत्नी के बीच अनबन चल रही थी। लड़की पक्ष का आरोप है कि उनकी बेटी को ससुराल में लगातार प्रताड़ित किया जा रहा था, जिसके कारण वह पिछले कुछ दिनों से अपने मायके में ही रह रही थी। इसी विवाद का निपटारा करने के लिए ज्योति कॉलोनी में एक पंचायत बुलाई गई थी।

आरोप है कि जैसे ही मायके पक्ष के लगभग एक दर्जन लोग गाड़ियों में सवार होकर पंचायत स्थल पर पहुंचे, ससुराल पक्ष की ओर से उन पर अचानक हमला बोल दिया गया। हमला इतना भीषण था कि मायके पक्ष के 4 से 5 लोग बुरी तरह घायल हो गए। लहूलुहान हालत में घायलों को तुरंत सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहाँ उनका इलाज जारी है। घायलों ने ससुराल पक्ष पर गंभीर आरोप लगाए हैं। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है और दोषियों की तलाश की जा रही है।