पानीपत में किला थाना प्रभारी 10 हजार रुपए की रिश्वत लेते रंगेहाथ गिरफ्तार

पानीपत में एंटी करप्शन टीम ने किला थाना प्रभारी सुरेश को 10 हजार रुपए रिश्वत लेते रंगेहाथ गिरफ्तार किया। समझौते के नाम पर रिश्वत मांगने का आरोप।

पानीपत में किला थाना प्रभारी 10 हजार रुपए की रिश्वत लेते रंगेहाथ गिरफ्तार
  • पानीपत में किला थाना प्रभारी रिश्वत लेते रंगेहाथ गिरफ्तार
  • समझौते के नाम पर मांगे गए थे 10 हजार रुपए
  • एंटी करप्शन टीम ने थाना कार्यालय में बिछाया था जाल

हरियाणा के पानीपत में भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एंटी करप्शन ब्यूरो की टीम ने किला थाना प्रभारी सुरेश को 10 हजार रुपए की रिश्वत लेते हुए रंगेहाथ गिरफ्तार कर लिया। कार्रवाई मंगलवार देर शाम करीब साढ़े नौ बजे की गई। थाना परिसर में हुई इस कार्रवाई से पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया।

जानकारी के अनुसार थाना प्रभारी सुरेश पर एक फैक्टरी मालिक से समझौता कराने के नाम पर रिश्वत मांगने का आरोप था। शिकायतकर्ता ने बताया कि उसकी फैक्टरी में काम करने वाले कर्मचारी दर्शन ने उससे 4 हजार रुपए लिए थे। जब उसने पैसे वापस मांगे तो कर्मचारी ने 12 मई को पत्नी के साथ मारपीट का आरोप लगाकर किला थाने में शिकायत दे दी।

फैक्टरी मालिक का आरोप है कि मामले के बाद थाना प्रभारी सुरेश ने उसे थाने बुलाया और समझौता कराने के बदले 10 हजार रुपए की मांग की। इतना ही नहीं, पैसे न देने पर हवालात में बंद करने की धमकी भी दी गई। जबकि बाद में कर्मचारी और फैक्टरी मालिक के बीच समझौता भी हो चुका था। इसके बावजूद थाना प्रभारी लगातार रिश्वत की मांग कर रहे थे।

पीड़ित फैक्टरी मालिक ने मामले की शिकायत एंटी करप्शन टीम को दी। शिकायत मिलने के बाद टीम ने पूरा प्लान तैयार किया और थाना प्रभारी को रंगेहाथ पकड़ने के लिए जाल बिछाया।

मंगलवार रात करीब सवा नौ बजे शिकायतकर्ता पैसे लेकर किला थाने पहुंचा। बताया गया कि थाना प्रभारी ने अपने कार्यालय में ही रिश्वत की रकम ली। जैसे ही उन्होंने 10 हजार रुपए हाथ में लिए, पहले से मौजूद एंटी करप्शन टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए उन्हें मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया।

सूत्रों के अनुसार टीम ने मौके से जरूरी दस्तावेज और सबूत भी कब्जे में लिए हैं। फिलहाल मामले की जांच जारी है और आरोपी थाना प्रभारी से पूछताछ की जा रही है।