गुंडागर्दी: हरियाणा में दुकान के बाहर व्यापारी की हत्या

पंचकूला के पिंजौर में कपड़ा व्यापारी जितेश मनोचा की दिनदहाड़े हत्या कर दी गई। बदमाशों ने गाड़ी से उतारकर लाठी-डंडों और चाकू से हमला किया। पूरी वारदात CCTV में कैद हुई।

गुंडागर्दी: हरियाणा में दुकान के बाहर व्यापारी की हत्या
  • पंचकूला के पिंजौर में दिनदहाड़े व्यापारी की हत्या से सनसनी
  • 5 से 6 बदमाशों ने गाड़ी से खींचकर लाठी-डंडों और चाकू से किया हमला
  • पूरी वारदात CCTV में कैद, पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी

हरियाणा के पंचकूला जिले के पिंजौर में शुक्रवार को दिनदहाड़े एक व्यापारी की हत्या कर दी गई। मुख्य बाजार में हुई इस वारदात से इलाके में हड़कंप मच गया। बदमाशों ने व्यापारी को उसकी गाड़ी से बाहर खींचकर बेरहमी से पीटा और उस पर चाकू से भी कई वार किए।

जानकारी के अनुसार मृतक की पहचान जितेश मनोचा (42) के रूप में हुई है। वह पिंजौर की मुख्य मार्केट में मनोचा क्लॉथ हाउस नाम से कपड़ों की दुकान चलाते थे। घटना के समय वह अपनी गाड़ी में बैठे हुए थे।

युवकों ने व्यापारी जितेश को गाड़ी से खींचकर बाहर निकाला।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार इसी दौरान 5 से 6 युवक मौके पर पहुंचे और जितेश मनोचा को जबरन गाड़ी से बाहर निकाल लिया। इसके बाद आरोपियों ने उन पर लाठी-डंडों से हमला शुरू कर दिया। हमलावरों ने चाकू से भी कई वार किए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए।

वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। आसपास मौजूद लोगों ने घायल व्यापारी को तुरंत नजदीकी निजी अस्पताल पहुंचाया। वहां डॉक्टरों ने उनकी गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें पंचकूला के सेक्टर-6 नागरिक अस्पताल रेफर कर दिया, जहां उपचार के दौरान डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

जमीन पर गिराकर जितेश के सिर पर डंडे बरसाए गए।जितेश पर हमला करने के बाद हमलावर युवक भाग गए।

घटना की पूरी वारदात बाजार में लगे CCTV कैमरों में कैद हो गई है। पुलिस ने फुटेज कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। वीडियो में हमलावर व्यापारी पर हमला करते दिखाई दे रहे हैं।

घटना की सूचना मिलते ही DCP क्राइम अमरिंदर सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस विभिन्न पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है और CCTV फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।

दिनदहाड़े हुई इस हत्या ने पिंजौर बाजार के व्यापारियों और स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल पैदा कर दिया है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।