नाइट क्लब में फायरिंग, लेडी ब्लॉगर को लगी गोली: कांच के टुकड़े गर्दन में घुसे, VIDEO शूट करने आई थी पंचकूला; हमलावरों को पब्लिक ने पीटा
पंचकूला के अलिफ लैला नाइट क्लब में तीन युवकों की फायरिंग में लेडी ब्लॉगर घायल हुई। कांच के टुकड़े गर्दन में घुसे और एक गोली पीठ पर लगी।
➤ पंचकूला के अलिफ लैला नाइट क्लब में तीन युवकों ने की फायरिंग, लेडी ब्लॉगर को लगी गोली
➤ कांच का गिलास फेंके जाने से कांच के टुकड़े गर्दन में घुसे, गोली पीठ पर गर्दन के ठीक नीचे लगी
➤ भीड़ ने तीनों आरोपियों को पकड़कर पीटा, पुलिस ने हत्या के प्रयास और आर्म्स एक्ट में केस दर्ज किया
हरियाणा के पंचकूला में सेक्टर-11 स्थित 'अलिफ लैला' नाइट क्लब में शनिवार देर रात उस समय हड़कंप मच गया, जब तीन युवकों ने फायरिंग कर दी। इसी दौरान क्लब में वीडियो शूट करने आई लेडी ब्लॉगर अंजलि गोली लगने से घायल हो गई। फायरिंग से पहले वहां मारपीट हो रही थी। इसी दौरान एक युवक ने कांच का गिलास फेंककर मारा, जो दीवार से टकराकर टूट गया और उसके टुकड़े अंजलि की गर्दन में जा लगे।
फायरिंग के बाद क्लब में मौजूद सुरक्षाकर्मियों और लोगों ने तीनों युवकों को काबू कर लिया। इसके बाद भीड़ ने उनकी जमकर पिटाई की। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और तीनों आरोपियों को भीड़ के चंगुल से छुड़ाकर अपनी गाड़ी में बैठाया। घायल अंजलि को सेक्टर-6 स्थित सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
शुरुआत में अंजलि पुलिस को शिकायत देने के लिए राजी नहीं हुई। बाद में काफी समझाने के बाद उसने अपने मंगेतर की मौजूदगी में पुलिस को शिकायत दी। फिलहाल पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ हत्या के प्रयास और आर्म्स एक्ट के तहत एफआईआर दर्ज कर ली है। तीनों युवकों से पूछताछ चल रही है।
वॉशरूम से बाहर निकलते ही शुरू हुआ हंगामा, कांच के टुकड़ों से गर्दन हुई घायल
जांगरा (चंडीगढ़) की रहने वाली पीड़ित अंजलि ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि वह पिछले दो हफ्तों से अलिफ लैला नाइट क्लब में अपनी सहेलियों प्रियंका, मुस्कान और आश्मा के साथ ब्लॉग बनाने का काम कर रही है। शनिवार रात करीब 11:00 बजे वह काम के लिए क्लब पहुंची थी।
अंजलि के मुताबिक, रात करीब 2:30 बजे वह सीढ़ियों के पास बने वॉशरूम से बाहर निकली। इसी दौरान उसने मेन गेट के पास कुछ लड़कों के बीच मारपीट होते देखी। घबराकर वह सीढ़ियों पर ही रुक गई।
इसी बीच एक युवक ने उसकी तरफ कांच का गिलास फेंककर मारा। गिलास दीवार से टकराकर टूट गया और उसके कांच के टुकड़े अंजलि की गर्दन पर जा लगे। इससे उसकी गर्दन से खून निकलने लगा।
सफेद कमीज पहने युवक ने क्लब में घुसकर कर दिए दो फायर
अंजलि ने पुलिस को बताया कि कांच लगने के बाद जैसे ही वह नीचे की ओर झुकने लगी, तभी बाहर से सफेद रंग की कमीज पहने एक युवक हाथ में पिस्तौल लेकर क्लब के अंदर दाखिल हुआ।
अंजलि के अनुसार, युवक ने बिना सोचे-समझे क्लब के गेट के ऊपर दो फायर कर दिए। इनमें से एक गोली दीवार से टकराकर सीधे अंजलि की पीठ पर, गर्दन के ठीक नीचे, जा लगी। गोली लगने से वह घायल हो गई।
इसके बाद क्लब के शेफ ने अंजलि की मदद की और उसे गाड़ी से अस्पताल पहुंचाया। वहां उसका इलाज कराया गया।
फायरिंग के बाद भीड़ ने तीनों युवकों को पकड़कर पीटा
फायरिंग की घटना के बाद क्लब में मौजूद लोगों और सुरक्षाकर्मियों ने उपद्रव कर रहे तीन युवकों को मौके पर ही दबोच लिया। इसके बाद लोगों ने तीनों की जमकर पिटाई की।
घटना की सूचना मिलते ही सेक्टर-10 पुलिस चौकी की टीम और डायल-112 की गाड़ी मौके पर पहुंची। पुलिस ने भीड़ के चंगुल से तीनों आरोपियों को छुड़ाया और उन्हें सुरक्षित अपनी गाड़ी में बैठाया।
पकड़े गए आरोपियों की पहचान लखबीर सिंह उर्फ लकी, निवासी गांव मट्टरउतार, ममडोट, फिरोजपुर, पंजाब; गुरप्रीत, निवासी गांव बंदीवाला, गुरुहरसहाय, फिरोजपुर, पंजाब और करन, निवासी गांव जुवाये सिंहवाला, गुरुहरसहाय, फिरोजपुर, पंजाब के तौर पर हुई है।
मेडिकल जांच में पुष्टि हुई है कि तीनों आरोपी भारी नशे में थे। भीड़ की पिटाई में तीनों को भी चोटें आई हैं।
क्लब से जिंदा/मिसफायर राउंड, खाली खोल और बुलेट हेड बरामद
घटना की सूचना मिलने के बाद सीन ऑफ क्राइम (फोरेंसिक) टीम की प्रभारी डॉ. रीति सैनी अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचीं। टीम ने घटनास्थल का मुआयना किया और वहां से फायरिंग से जुड़े कई साक्ष्य जुटाए।
फोरेंसिक टीम ने मौके से एक जिन्दा/मिसफायर रौंद, जिस पर POF 22 9X19 MM लिखा है, बरामद किया। इसके अलावा 2 खाली खोल, 1 चली हुई गोली का सिक्का (बुलेट हेड) और टूटे हुए कांच के गिलास के टुकड़े भी बरामद किए गए हैं।
इन साक्ष्यों को पुलिस जांच के लिहाज से अहम माना जा रहा है। पुलिस अब घटना के पूरे क्रम और फायरिंग में इस्तेमाल हथियार समेत अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।
अंजलि के बयान और साक्ष्यों के आधार पर एफआईआर दर्ज
पंचकूला के सेक्टर-5 थाना SHO संदीप कुमार के अनुसार, अंजलि के बयानों और मौके से मिले साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ बीएनएस (भारतीय न्याय संहिता) की धारा 3(5), 115(2), 118(1), 109(1) और आर्म्स एक्ट की धारा 25-54-59 के तहत मुकदमा दर्ज किया है।
फिलहाल तीनों आरोपी पुलिस की हिरासत में हैं और उनसे पूछताछ चल रही है। पुलिस मामले में फायरिंग के कारणों और घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।
Akhil Mahajan