पाकिस्तान से आई 6 करोड़ की हेरोइन पंचकूला में पकड़ी, बड़ा नेटवर्क बेनकाब
पंचकूला में 6 करोड़ की हेरोइन बरामद हुई है, जो पाकिस्तान से तस्करी कर फाजिल्का के रास्ते लाई गई थी। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर ड्रग नेटवर्क के कई अहम खुलासे किए हैं।
■ पाकिस्तान से आई 6 करोड़ की हेरोइन पंचकूला में पकड़ी गई
■ फाजिल्का के रास्ते सप्लाई, ट्राईसिटी में दोगुना होता था रेट
■ ड्रग पैडलर लवजोत गिरफ्तार, नेटवर्क के और नाम उजागर
हरियाणा के पंचकूला में ड्रग तस्करी का बड़ा खुलासा हुआ है, जहां करीब 6 करोड़ रुपए की हेरोइन बरामद की गई है। पुलिस जांच में सामने आया है कि यह हेरोइन पाकिस्तान से तस्करी कर भारत लाई गई थी और इंडो-पाक बॉर्डर पार कर पंजाब के फाजिल्का के रास्ते होते हुए पंचकूला तक पहुंची। इस मामले में क्राइम ब्रांच-26 की टीम ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है, जिससे पूछताछ में कई चौंकाने वाले खुलासे हुए हैं।
पंचकूला के डीसीपी क्राइम अमरिंदर सिंह ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी की पहचान पंजाब के जलालाबाद निवासी लवजोत सिंह के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके कब्जे से करीब 14 लाख रुपए कैश बरामद किया है। इसके बाद क्राइम ब्रांच की टीम इंस्पेक्टर दलीप के नेतृत्व में आरोपी के घर पहुंची, जहां से करीब 1 लाख रुपए और बरामद किए गए।
जांच में सामने आया कि लवजोत सिंह करीब 3 किलो हेरोइन की डिलीवरी देने के लिए पंचकूला आया था। यह ड्रग्स पाकिस्तान से बॉर्डर के जरिए भारत में स्मगल की गई थी और फिर पंजाब के रास्ते ट्राईसिटी तक पहुंचाई जाती थी। खास बात यह है कि जैसे ही यह हेरोइन फाजिल्का से पंचकूला पहुंचती थी, इसकी कीमत लगभग दोगुनी हो जाती थी, जिससे तस्करों को भारी मुनाफा मिलता था।
पूछताछ में आरोपी ने एक और अहम खुलासा किया है कि जब वह पंचकूला में डिलीवरी देने आ रहा था, तो उसके आगे एक दूसरा ड्रग पैडलर रैकी के लिए चल रहा था। वह लगातार उसे पुलिस नाकों और चेकिंग की जानकारी दे रहा था, जिससे वह आसानी से शहर तक पहुंच सका। इससे साफ है कि ड्रग तस्करों का यह नेटवर्क बेहद संगठित और सुनियोजित तरीके से काम कर रहा है।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी पहले भी एक-दो बार ट्राईसिटी क्षेत्र में ड्रग्स की सप्लाई कर चुका है। रिमांड के दौरान उसने पंजाब में सक्रिय कुछ बड़े स्मगलरों के नाम भी उजागर किए हैं, हालांकि फिलहाल पुलिस ने उन नामों को सार्वजनिक नहीं किया है।
अब पुलिस इस पूरे ड्रग नेटवर्क को तोड़ने के लिए सक्रिय हो गई है और सप्लाई चेन में शामिल सभी लोगों की पहचान कर गिरफ्तारी की कोशिश कर रही है। इस मामले को लेकर सुरक्षा एजेंसियां भी सतर्क हो गई हैं, क्योंकि यह मामला सीधे अंतरराष्ट्रीय तस्करी से जुड़ा हुआ है।
shubham