पंचकूला सिविल अस्पताल में स्वास्थ्य मंत्री आरती राव का औचक निरीक्षण निरीक्षण के दौरान सफाई व्यवस्था पर भड़कीं स्वास्थ्य मंत्री
हरियाणा की स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव ने पंचकूला सिविल अस्पताल का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान लेबर रूम में सफाई व्यवस्था और मास्क-शू कवर नियमों में लापरवाही देख अधिकारियों को फटकार लगाई और मरीजों से फीडबैक लिया।
■ स्वास्थ्य मंत्री आरती राव ने पंचकूला सिविल अस्पताल का औचक निरीक्षण किया
■ लेबर रूम के पास अचानक शुरू हुई सफाई देख अधिकारियों को लगाई फटकार
■ मरीजों से बातचीत कर दवा और व्यवस्था की स्थिति का लिया फीडबैक
हरियाणा की स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव ने बुधवार को पंचकूला के सिविल अस्पताल का औचक निरीक्षण किया। अस्पताल पहुंचते ही उन्होंने पीएमओ डॉ. चौहान को साथ लेकर विभिन्न विभागों का जायजा लेना शुरू किया।
निरीक्षण के दौरान मंत्री सबसे पहले इमरजेंसी और लेबर रूम एरिया में पहुंचीं। यहां उन्होंने देखा कि उनके पहुंचते ही अचानक सफाई शुरू कर दी गई। यह देखकर मंत्री नाराज हो गईं और ताली बजाते हुए अधिकारियों से कहा, “वाह, मेरे आने के बाद ही सफाई शुरू हो रही है।”
निरीक्षण के दौरान मंत्री ने यह भी देखा कि लेबर रूम क्षेत्र में कई कर्मचारी और अन्य लोग बिना मास्क और बिना शू कवर के घूम रहे थे।
इस पर उन्होंने कड़ी नाराजगी जताई और अधिकारियों को तुरंत निर्देश दिए कि सभी कर्मचारियों और आने-जाने वालों के लिए मास्क और शू कवर अनिवार्य किए जाएं। इसके बाद अस्पताल प्रशासन ने मौके पर ही सभी को मास्क और शू कवर पहनने के निर्देश जारी किए।
स्वास्थ्य मंत्री ने अस्पताल में दवाओं की उपलब्धता की स्थिति जानने के लिए अपने स्टाफ की ड्यूटी लगाई।
उन्होंने अपने स्टाफ के सदस्यों को अलग-अलग दवा काउंटरों पर भेजकर वास्तविक स्थिति की जानकारी जुटाने के निर्देश दिए, ताकि यह पता लगाया जा सके कि मरीजों को दवा समय पर मिल रही है या नहीं।
निरीक्षण के दौरान मंत्री ने नर्सिंग ट्रेनिंग के लिए आई छात्राओं और अस्पताल में भर्ती मरीजों से भी बातचीत की।
उन्होंने मरीजों से सीधे पूछा कि उन्हें इलाज के दौरान कोई परेशानी तो नहीं आ रही। साथ ही अस्पताल की सेवाओं को लेकर उनका फीडबैक भी लिया।
मंत्री रजिस्ट्रेशन काउंटर पर भी पहुंचीं और वहां लाइन में खड़े मरीजों से बातचीत की।
एक महिला मरीज ने बताया कि उसे पेट दर्द की समस्या है, लेकिन इलाज के लिए उसे काफी देर तक लाइन में खड़ा रहना पड़ रहा है।
इसके अलावा मंत्री ने नर्सिंग सिस्टर का हाजिरी रजिस्टर भी मंगवाया, जिसकी जांच करने की बात कही जा रही है।
shubham