फरार बदमाश को पकड़ने गई सीआईए टीम पर हमला - पुलिस की गाड़ी तोड़ी, मर्डर केस में दो आरोपी गिरफ्तार
पलवल के गुदराना गांव में फरार बदमाश को पकड़ने गई सीआईए पुलिस टीम पर हमला किया गया। ईंट-पत्थर बरसाए गए। पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
➤ फरार बदमाश को पकड़ने गई पुलिस टीम पर ईंट-पत्थरों से हमला
➤ आरोपियों ने सरकारी गाड़ी के शीशे तोड़े, पुलिसकर्मी बाल-बाल बचे
➤ मर्डर केस में फरार आरोपी के दो भाई गिरफ्तार, मुख्य आरोपी अभी भी फरार
पलवल जिले के गुदराना गांव में उस वक्त हड़कंप मच गया, जब फरार बदमाश को पकड़ने गई सीआईए पुलिस टीम पर हमला कर दिया गया। पुलिस पार्टी को देखते ही आरोपियों ने लाठी-डंडों और ईंट-पत्थरों से हमला बोल दिया, जिससे पुलिसकर्मी बाल-बाल बच गए। हमलावरों ने सरकारी गाड़ी के शीशे तोड़ दिए।
मुंडकटी थाना प्रभारी तेजपाल के अनुसार, सीआईए में तैनात एएसआई राकेश कुमार ने शिकायत में बताया कि मार्च 2024 में दर्ज हत्या के प्रयास के मामले में गुदराना गांव निवासी भोला फरार चल रहा था। सीआईए होडल को गुप्त सूचना मिली थी कि भोला अपने घर आया हुआ है।
सूचना के आधार पर सीआईए टीम गुदराना गांव पहुंची। जब पुलिस भोला के घर के पास पहुंची, तो वहां उसके भाई विमल, हर किशन और कुछ महिलाएं मौजूद थीं।
पुलिस पार्टी को देखते ही आरोपियों ने लाठी-डंडे और ईंट-पत्थर उठाकर पुलिस पर हमला कर दिया। आरोपियों ने पुलिस को धमकाते हुए कहा कि पुलिस में इतनी हिम्मत नहीं कि वे भोला को गिरफ्तार कर सकें। हालात बिगड़ते देख पुलिसकर्मियों ने किसी तरह मौके से हटकर अपनी जान बचाई, लेकिन हमलावरों ने सरकारी वाहन को निशाना बनाते हुए उसके शीशे तोड़ दिए।
घटना के बाद मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने अन्य पुलिसकर्मियों की मदद से हमला करने वाले भोला के दोनों भाइयों विमल और हर किशन को मौके से गिरफ्तार कर लिया। सूचना मिलने पर मुंडकटी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की गई।
मुंडकटी थाना पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ सरकारी कार्य में बाधा डालने, पुलिस पर हमला करने और फरार आरोपी को छुड़ाने के प्रयास सहित कई धाराओं में केस दर्ज किया है। पुलिस का कहना है कि मुख्य आरोपी भोला अभी फरार है और उसकी तलाश जारी है।
Akhil Mahajan