पलवल धर्मांतरण केस पर 52 पालों की महापंचायत, पुलिस को 15 दिन का अल्टीमेटम बिट्टू बजरंगी नजरबंद
पलवल में नाबालिग लड़की के कथित धर्मांतरण मामले में 52 पालों की महापंचायत ने पुलिस को 15 दिन का अल्टीमेटम दिया। केस निपटारे तक मस्जिद बंद रहेगी। बिट्टू बजरंगी नजरबंद।
• नाबालिग के कथित धर्मांतरण मामले पर 52 पालों की महापंचायत, पुलिस को 15 दिन का अल्टीमेटम
• मस्जिद केस निपटारे तक बंद रहेगी, 31 सदस्यीय कमेटी गठित
• बिट्टू बजरंगी नजरबंद, पिता ने धमकियों का आरोप, पुलिस ने 5 आरोपी गिरफ्तार
पलवल। नाबालिग लड़की के कथित धर्मांतरण और छेड़छाड़ के मामले को लेकर रविवार को पलवल की गुर्जर धर्मशाला में 52 पालों की महापंचायत आयोजित हुई। महापंचायत की अध्यक्षता प्रधान अरुण जेलदार ने की। इस दौरान महापंचायत ने पुलिस को आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए 15 दिन का अल्टीमेटम दिया। साथ ही चेतावनी दी कि यदि तय समय में कार्रवाई नहीं हुई, तो बड़ा आंदोलन किया जाएगा।
महापंचायत ने सर्वसम्मति से प्रस्ताव पास कर कहा कि केस के निपटारे तक संबंधित मस्जिद बंद रहेगी। फिलहाल प्रशासन ने सुरक्षा कारणों से मस्जिद पहले से बंद कर रखी है। बिट्टू बजरंगी के आने की सूचना पर पुलिस ने उन्हें फरीदाबाद स्थित उनके घर पर नजरबंद कर दिया। बजरंगी पर 2023 की नूंह हिंसा में शामिल होने का आरोप है।
रोजाना प्रशासन से मिलेगी कमेटी
महापंचायत ने 31 सदस्यीय कमेटी बनाई है, जो प्रतिदिन शासन-प्रशासन से मुलाकात कर कार्रवाई की निगरानी करेगी। कमेटी का कहना है कि गिरफ्तारियां नहीं होने पर आंदोलन की जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।
पीड़ित पिता बोले— जान से मारने की धमकी मिल रही
महापंचायत में नाबालिग लड़की के पिता ने कहा कि पुलिस से लगातार संपर्क के बावजूद ठोस कार्रवाई नहीं हो रही। आरोपियों द्वारा केस वापस लेने का दबाव, साथ ही परिवार को जान से मारने की धमकियां मिल रही हैं।
उन्होंने बताया कि पुलिस ने अब तक एक मौलवी और एक नाबालिग सहित 5 आरोपी गिरफ्तार किए हैं, जबकि 7 आरोपी अभी भी फरार हैं और गांव में खुलेआम घूम रहे हैं।
केस का बैकग्राउंड
25 सितंबर को शाम के समय पिता ने अपनी 15 वर्षीय बेटी को गायब पाया। खोजबीन में गांव की बड़ी मस्जिद में उसकी चीखें सुनी गईं। पिता के अनुसार मौलवी और अन्य लोग कुरान लेकर धर्मांतरण का दबाव बना रहे थे। लड़की के अनुसार कलावा व राखी काटी गई, तिलक मिटाया गया और नमाज पढ़ने को मजबूर किया गया। पीड़िता ने मौलवी द्वारा छेड़छाड़ और बदतमीजी का आरोप लगाया।
पुलिस का पक्ष
डीएसपी मनोज वर्मा ने कहा कि एसआईटी गठित की गई है और पुलिस कानूनी कार्रवाई कर रही है।
आयोजन को लेकर प्रशासन पूरी तरह अलर्ट रहा, चप्पे-चप्पे पर पुलिस तैनात रही।
महापंचायत में मुनीश भारद्वाज, संजय गुर्जर, ज्ञान सिंह चौहान, भारत भूषण, राजेंद्र बैंसला, विक्रम सिसोदिया, संजय जैमिनी, संभू पहलवान सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे। आयोजकों ने कहा कि यह आयोजन पूरी तरह गैर राजनीतिक था।
Author1