30 हजार की रिश्वत, घर से निकले ट्रॉली बैग में भरे करोड़ों के नोट, घूसखोर माइनिंग अफसर निकला अकूत संपत्ति का मालिक
ओडिशा विजिलेंस ने कटक सर्किल के डिप्टी डायरेक्टर (माइंस) देबब्रत मोहंती को 30 हजार की रिश्वत लेते गिरफ्तार किया। छापेमारी में 4.27 करोड़ नकद, सोना और संपत्ति बरामद हुई।
■ कोयला व्यापारी से 30 हजार की रिश्वत लेते ट्रैप
■ घर और फ्लैट से 4.27 करोड़ नकद, सोना और संपत्ति बरामद
■ ओडिशा विजिलेंस के इतिहास की सबसे बड़ी कैश जब्ती
ओडिशा में भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए ओडिशा विजिलेंस Odisha Vigilance ने कटक सर्किल के डिप्टी डायरेक्टर (माइंस) देबब्रत मोहंती देबब्रत मोहंती को 30 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया। इसके बाद हुई तलाशी में उनके घर और अन्य ठिकानों से 4.27 करोड़ रुपये नकद बरामद किए गए। अधिकारियों ने इसे विभाग के इतिहास की अब तक की सबसे बड़ी नकद जब्ती बताया है।
यह ट्रैप ऑपरेशन रिश्वत मांगने की शिकायत मिलने के बाद अंजाम दिया गया। आरोप है कि मोहंती एक लाइसेंसी कोयला व्यापारी से डिपो को बिना रुकावट चलाने और काम में आसानी देने के बदले 30 हजार रुपये की रिश्वत ले रहे थे।
अलमारियों और ट्रॉली बैग में भरे मिले नोट
गिरफ्तारी के बाद विजिलेंस टीमों ने मठासाही स्थित पैतृक घर और भुवनेश्वर के पाटिया इलाके में स्थित फ्लैट समेत कई ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की। फ्लैट से सूटकेस, ट्रॉली बैग और अलमारियों में भरे नोटों के ढेर बरामद हुए।
नोटों की गिनती के लिए करेंसी काउंटिंग मशीनें मंगाई गईं। मोहंती के कार्यालय से भी 1.20 लाख रुपये नकद मिले। विजिलेंस के भुवनेश्वर डिवीजन के एसपी सरोज कुमार समल सरोज कुमार समल ने बताया कि अब तक 4.27 करोड़ रुपये की गिनती पूरी हो चुकी है।
सोना, मकान और प्लॉट का खुलासा
जांच में सामने आया है कि मोहंती के पास भुवनेश्वर में दो मंजिला मकान है। उनके नाम करीब 130 ग्राम सोना और 2400 वर्गफीट का एक प्लॉट भी मिला है, जिस पर दो मंजिला इमारत का निर्माण जारी है।
इसके अलावा उनके नाम 10 बैंक खाते और लॉकर भी पाए गए हैं, जिनकी विस्तृत जांच की जा रही है।
पहले भी दर्ज हो चुका है केस
विजिलेंस अधिकारियों के मुताबिक, मोहंती के खिलाफ वर्ष 2009 में भी भ्रष्टाचार का मामला दर्ज हुआ था। वह मामला फिलहाल मयूरभंज जिला अदालत में विचाराधीन है।
मोहंती ने वर्ष 2004 में 8 हजार रुपये मासिक वेतन पर जूनियर माइनिंग ऑफिसर के रूप में सरकारी सेवा शुरू की थी। वे बोलांगीर, बारीपदा और बरहामपुर में तैनात रह चुके हैं और वर्तमान में कटक सर्किल में पदस्थ थे।
पहले की सबसे बड़ी जब्ती का रिकॉर्ड टूटा
इससे पहले 7 अप्रैल 2022 को गंजाम जिले में लघु सिंचाई विभाग के एक असिस्टेंट इंजीनियर के घर से 3.4 करोड़ रुपये नकद बरामद हुए थे। इस बार की 4.27 करोड़ की बरामदगी ने वह रिकॉर्ड भी पीछे छोड़ दिया है।
कांग्रेस का हमला
मामले को लेकर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष भक्त चरण दास भक्त चरण दास ने सत्तारूढ़ भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि यह कार्रवाई राज्य में बढ़ते भ्रष्टाचार को उजागर करती है। उन्होंने इसे “डबल इंजन सरकार” के दौरान पनप रहे बड़े भ्रष्टाचार का उदाहरण बताया।
Akhil Mahajan 