हरियाणा में आंधी-तूफान का कहर, 2 बच्चों की मौत
नूंह में तेज आंधी-तूफान के दौरान स्कूल और घर की दीवार गिरने से 2 बच्चों की मौत हो गई, जबकि 3 अन्य बच्चे गंभीर रूप से घायल हो गए।
- नूंह में तेज आंधी-तूफान के दौरान दो बच्चों की दर्दनाक मौत
- स्कूल की दीवार और घर के आंगन की दीवार गिरने से हुए हादसे
- तीन बच्चे गंभीर घायल, मेडिकल कॉलेज नल्हड़ में चल रहा इलाज
हरियाणा के नूंह जिले में गुरुवार देर शाम आए तेज आंधी-तूफान ने दो परिवारों की खुशियां छीन लीं। जिले के अलग-अलग इलाकों में हुए दो दर्दनाक हादसों में 2 बच्चों की मौत हो गई, जबकि 3 अन्य बच्चे गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों का इलाज मेडिकल कॉलेज नल्हड़ में चल रहा है, जहां उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है।
पहला हादसा गांव टपकन में हुआ। जानकारी के अनुसार, गुरुवार शाम बच्चे स्कूल के मैदान में क्रिकेट खेल रहे थे। इसी दौरान अचानक मौसम खराब हो गया और तेज आंधी-तूफान शुरू हो गया। बचने के लिए बच्चे स्कूल की बाउंड्री वॉल के पास जाकर बैठ गए। तभी अचानक स्कूल की दीवार भरभराकर बच्चों के ऊपर गिर गई।
इस हादसे में सूफियान (13) पुत्र अजरूद्दीन निवासी गोलपुरी की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में आशिक (12) पुत्र मुबारिक, कामिल (9) पुत्र खुर्शीद और वशीम (10) पुत्र सिराजुद्दीन गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायल गांव टपकन के रहने वाले बताए गए हैं। ग्रामीणों ने तुरंत मलबा हटाकर बच्चों को बाहर निकाला और अस्पताल पहुंचाया।
बताया गया है कि मृतक सूफियान अपनी मां के साथ बकरीद का त्योहार मनाने के लिए अपने मामा के घर गांव टपकन आया हुआ था। हादसे के बाद गांव में मातम का माहौल है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
दूसरा हादसा गांव चंदेनी में हुआ। यहां तेज तूफान के दौरान एक मकान के आंगन की दीवार गिर गई, जिसकी चपेट में आने से अन्वेष (9) पुत्र हैदर की मौत हो गई। अन्वेष अपने चार भाई-बहनों में सबसे बड़ा था और आर के पब्लिक स्कूल में चौथी कक्षा का छात्र था।
इन दर्दनाक हादसों के बाद पूरे इलाके में शोक का माहौल है। प्रशासन ने दोनों मामलों की जांच शुरू कर दी है। वहीं स्थानीय लोग खराब निर्माण और सुरक्षा इंतजामों को लेकर सवाल उठा रहे हैं।
Akhil Mahajan