नूंह में दिल दहला देने वाली घटना: पति से झगड़े के बाद महिला तीन बेटियों संग 70 फीट गहरे कुएं में कूदी, चारों की मौत

हरियाणा के नूंह जिले के बदोपुर गांव में एक महिला ने अपनी तीन बेटियों के साथ 70 फीट गहरे कुएं में छलांग लगा दी। रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद चारों के शव बरामद किए गए। घटना से पूरे गांव में मातम छा गया है।

नूंह में दिल दहला देने वाली घटना: पति से झगड़े के बाद महिला तीन बेटियों संग 70 फीट गहरे कुएं में कूदी, चारों की मौत

नूंह के बदोपुर गांव में महिला ने तीन बेटियों संग कुएं में लगाई छलांग
छलांग से पहले 6 महीने की बच्ची को चुन्नी से पीठ पर बांधा
घंटों चले रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद चारों के शव कुएं से निकाले गए



हरियाणा के नूंह जिले में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक महिला ने अपनी तीन बेटियों के साथ 70 फीट गहरे कुएं में छलांग लगाकर जान दे दी। घटना के बाद पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है। बताया जा रहा है कि महिला का अपने पति से विवाद चल रहा था, जिसके बाद उसने यह खौफनाक कदम उठा लिया। इस दर्दनाक घटना में महिला समेत उसकी तीनों बेटियों की मौत हो गई।

यह घटना फिरोजपुर झिरका क्षेत्र के बदोपुर गांव की है। मृतका की पहचान 28 वर्षीय साहिला के रूप में हुई है। उसके साथ उसकी तीन बेटियां अक्सा (7), सानोफिया (4) और 6 महीने की मासूम बच्ची भी थीं। ग्रामीणों के अनुसार, महिला अपनी तीनों बेटियों को लेकर गांव के एक गहरे कुएं के पास पहुंची और इससे पहले कि कोई कुछ समझ पाता, उसने बच्चों सहित कुएं में छलांग लगा दी।

बताया जा रहा है कि छलांग लगाने से पहले महिला ने 6 महीने की बच्ची को चुन्नी से अपनी पीठ पर बांध लिया था। यह दृश्य बाद में तब सामने आया जब रेस्क्यू टीम ने कुएं से महिला का शव बाहर निकाला। यह देखकर मौके पर मौजूद लोगों की आंखें नम हो गईं।

घटना की सूचना मिलते ही गांव में हड़कंप मच गया। ग्रामीणों की भीड़ मौके पर जमा हो गई। कुआं काफी गहरा और पानी से भरा होने के कारण किसी ग्रामीण की उसमें उतरने की हिम्मत नहीं हुई। इसके बाद पुलिस और गोताखोरों की टीम को बुलाया गया, जिन्होंने कई घंटे तक रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया।

रेस्क्यू के दौरान सबसे पहले 7 साल और 4 साल की बच्चियों के शव कुएं से बाहर निकाले गए। इसके बाद भी महिला और 6 महीने की बच्ची का कोई पता नहीं चला। गहरे पानी और सीमित दृश्यता के कारण खोजबीन में काफी दिक्कतें आईं। आखिरकार कई घंटे की तलाश के बाद सोमवार दोपहर महिला और उसकी 6 महीने की बच्ची के शव भी कुएं से निकाल लिए गए

ग्रामीणों के मुताबिक, महिला और उसके पति शाहिद के बीच अक्सर विवाद होता रहता था। बताया जा रहा है कि महिला ने अपना सारा जेवर अपने पिता हनीफ को दे दिया था, जिस बात को लेकर पति-पत्नी के बीच लगातार झगड़ा होता था। कुछ समय पहले ही महिला मायके से वापस ससुराल आई थी। रविवार शाम को पति-पत्नी के बीच फिर कहासुनी हुई थी

घटना के दिन महिला ने रोजा भी रखा हुआ था। ग्रामीणों का कहना है कि रोजा इफ्तारी के बाद महिला घर से निकली और कुछ देर बाद यह दर्दनाक घटना सामने आई।

घटना की सूचना मिलने पर सदर थाना फिरोजपुर झिरका के प्रभारी सुभाष पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने चारों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए अल आफिया अस्पताल मांडीखेड़ा भेज दिया है।

पुलिस का कहना है कि अभी तक महिला द्वारा ऐसा कदम उठाने की सटीक वजह स्पष्ट नहीं हो पाई है। फिलहाल पुलिस परिजनों और आसपास के लोगों के बयान दर्ज कर रही है और मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। परिजनों की शिकायत मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

इस दर्दनाक घटना के बाद पूरे बदोपुर गांव में शोक का माहौल है। एक मां और तीन मासूम बच्चियों की एक साथ मौत ने लोगों को झकझोर कर रख दिया है।