नूंह में जमीन विवाद बना अपहरण की वजह, बेटे ने पिता को उठवाया तहसील रोड से बुजुर्ग का किडनैप, 20-25 युवक स्कॉर्पियो में भरकर पहुंचे

हरियाणा के नूंह जिले में जमीन विवाद के चलते बेटे ने पिता का दिनदहाड़े अपहरण करा दिया। 2 स्कॉर्पियो में आए युवकों ने तहसील परिसर के बाहर बुजुर्ग को गाड़ी में धकेला और मारपीट की। मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है।

नूंह में जमीन विवाद बना अपहरण की वजह, बेटे ने पिता को उठवाया  तहसील रोड से बुजुर्ग का किडनैप, 20-25 युवक स्कॉर्पियो में भरकर पहुंचे

नूंह तहसील परिसर से बुजुर्ग का फिल्मी स्टाइल में अपहरण
2 स्कॉर्पियो में आए 20-25 युवक, गाड़ी में डालकर की मारपीट
जमीन विवाद में छोटे बेटे पर किडनैपिंग का आरोप, गिरफ्तार


हरियाणा के नूंह जिले में पारिवारिक जमीन विवाद ने ऐसा रूप ले लिया कि बेटे ने ही पिता का दिनदहाड़े अपहरण करा दिया। घटना पुनहाना तहसील परिसर के बाहर बिसरू रोड की है, जहां 2 स्कॉर्पियो में सवार होकर आए 20-25 युवकों ने बुजुर्ग को जबरन गाड़ी में धकेल दिया। वारदात इतनी तेजी से हुई कि आसपास खड़े लोग समझ ही नहीं पाए और आरोपी बुजुर्ग को लेकर फरार हो गए। बाद में रास्ते में विरोध करने पर बुजुर्ग की गाड़ी के अंदर ही पिटाई की गई।

मामला शाह चोखा गांव निवासी इस्माइल का है, जो 26 फरवरी को अपने बड़े बेटे नवाब के साथ जमीन से जुड़े काम के सिलसिले में पुनहाना तहसील आए थे। नवाब के अनुसार, तहसील का काम खत्म होने के बाद उनके पिता बाहर सड़क किनारे खड़े थे। तभी अचानक छोटे भाई जलालुद्दीन उर्फ कालिया के लोग वहां पहुंचे। कुछ युवक स्कॉर्पियो के चारों ओर घेरा बनाकर खड़े हो गए, जबकि अन्य ने इस्माइल को पकड़कर जबरन गाड़ी में डाल दिया।

बुजुर्ग को गाड़ी में धकेलते युवक।

नवाब का आरोप है कि रास्ते में पिता ने अपहरण का विरोध किया तो आरोपियों ने गाड़ी के भीतर ही उनके साथ मारपीट की। कुछ देर बाद आरोपी बुजुर्ग को तहसील के सामने ही छोड़कर फरार हो गए। पूरी घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें साफ दिखाई दे रहा है कि किस तरह बुजुर्ग को जबरन गाड़ी में बैठाया गया।

पीड़ित परिवार का कहना है कि छोटे बेटे जलालुद्दीन ने अपने ससुराल पक्ष के लोगों के साथ मिलकर इस वारदात को अंजाम दिया। दो गाड़ियों में आए युवकों में उसके ससुराल वाले भी शामिल थे, जिन्होंने बुजुर्ग के साथ मारपीट की।

वहीं आरोपी जलालुद्दीन का कहना है कि उसे शक था कि बड़ा भाई और पिता मिलकर जमीन के कागजों में हेरफेर कर उसे बेदखल करने की साजिश रच रहे हैं। पहले भी घर में इस बात को लेकर विवाद हो चुका है।

मामले की जानकारी मिलते ही पुलिस हरकत में आई। पुनहाना शहर थाना प्रभारी राजेश कुमार ने बताया कि शिकायत के आधार पर केस दर्ज कर लिया गया है। मुख्य आरोपी जलालुद्दीन को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश में दबिश दी जा रही है। पुलिस जमीन विवाद के पहलुओं की भी जांच कर रही है।

दिनदहाड़े तहसील परिसर के बाहर हुई इस वारदात ने कानून व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि अगर प्रशासनिक परिसर के बाहर भी इस तरह की घटनाएं होंगी तो आमजन की सुरक्षा कैसे सुनिश्चित होगी।