हरियाणा में कार में 9 घंटे फंसा रहा कपल, एक-दूसरे की बाहों में मिलीं लाशें

नूंह में दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे पर दर्दनाक हादसा। तेज रफ्तार वाहन की टक्कर से कार सवार दंपती की मौत। दोनों 9 घंटे कार में फंसे तड़पते रहे, मदद न मिली।

हरियाणा में कार में 9 घंटे फंसा रहा कपल, एक-दूसरे की बाहों में मिलीं लाशें

• दिल्ली–मुंबई एक्सप्रेस-वे पर तेज रफ्तार वाहन ने कार को पीछे से मारी टक्कर
• 9 घंटे तक कार में फंसे तड़पते रहे पति-पत्नी, मदद न मिलने से मौत


हरियाणा के नूंह में दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे पर गांव नौसेरा के पास दर्दनाक हादसा हुआ। पीछे से आई तेज रफ्तार गाड़ी ने कार को टक्कर मारी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार आगे चल रही दूसरी गाड़ी में जा घुसी। कार के परखच्चे उड़ गए और इसमें सवार दंपती की मौके पर ही मौत हो गई।

हादसा देर रात करीब 12 बजे हुआ, लेकिन किसी ने मदद नहीं की। दोनों करीब 9 घंटे तक कार में फंसे तड़पते रहे। सुबह पुलिस मौके पर पहुंची और कार में एक-दूसरे की बाहों में पड़े दोनों के शव बाहर निकाले गए।

हादसे के बाद दोनों की कार इस तरह मिली डेडबॉडी।

मृतकों की पहचान राजस्थान के जिला करौली तहसील हिंडौन के गांव कोटापुरियान निवासी लच्छी राम (42) और उनकी पत्नी कुसुमलता (40) के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार लच्छी राम पिछले 10 साल से दिल्ली में टाइल-पत्थर ठेकेदारी का काम कर रहा था और अपनी पत्नी के साथ 1 दिसंबर को हिंडौन आया था। 2 दिसंबर रात 7 बजे वे दिल्ली लौट रहे थे, तभी हादसा हो गया।

पीड़ित परिवार का कहना है कि दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे हाईटेक माना जाता है, जहां CCTV और NHAI पेट्रोलिंग टीमें तैनात रहती हैं, लेकिन किसी ने भी 9 घंटे तक हादसे को नोटिस नहीं किया। परिजनों का आरोप है कि समय पर मदद मिलती तो दोनों की जान बच सकती थी।

दोनों के 4 बच्चे हैं, जिनका रो-रोकर बुरा हाल है। दोनों का अंतिम संस्कार गुरुवार सुबह गांव में कर दिया गया। पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। CCTV फुटेज खंगाले जा रहे हैं।