कार FASTag पर KYV नियम खत्म, 1 फरवरी 2026 से FASTag यूजर्स को बड़ी राहत, जानें
NHAI ने कार, जीप और वैन के FASTag पर अनिवार्य KYV प्रक्रिया 1 फरवरी 2026 से खत्म करने का फैसला किया है, जिससे निजी वाहन चालकों को बड़ी राहत मिलेगी।
➤ कार, जीप और वैन के FASTag पर KYV प्रक्रिया 1 फरवरी 2026 से खत्म
➤ FASTag एक्टिवेशन के बाद होने वाली परेशानी से वाहन चालकों को राहत
➤ VAHAN पोर्टल से प्री-एक्टिवेशन वेरिफिकेशन होगा अनिवार्य
राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) ने आम वाहन चालकों को बड़ी राहत देते हुए कार, जीप और वैन के लिए जारी होने वाले नए FASTag पर अनिवार्य Know Your Vehicle (KYV) प्रक्रिया को 1 फरवरी 2026 से समाप्त करने का फैसला किया है। इस निर्णय से लाखों निजी वाहन चालकों को राहत मिलने की उम्मीद है।
एनएचएआई ने बताया कि इस कदम का उद्देश्य FASTag एक्टिवेशन के बाद KYV के नाम पर होने वाली देरी, असुविधा और अनावश्यक उत्पीड़न को खत्म करना है। अब वैध दस्तावेज होने के बावजूद वाहन चालकों को बार-बार KYV वेरिफिकेशन की प्रक्रिया से नहीं गुजरना पड़ेगा।
प्राधिकरण ने स्पष्ट किया कि पहले से जारी कार FASTag पर भी नियमित KYV कराना अब जरूरी नहीं होगा। हालांकि, कुछ विशेष परिस्थितियों में KYV की आवश्यकता बनी रहेगी। इनमें FASTag के ढीले होने, गलत तरीके से जारी होने या दुरुपयोग से जुड़ी शिकायतें शामिल हैं। यदि FASTag से संबंधित कोई शिकायत नहीं मिलती है, तो मौजूदा कार FASTag पर KYV लागू नहीं की जाएगी।
इसके साथ ही FASTag जारी करने वाले बैंकों के लिए प्री-एक्टिवेशन वैलिडेशन प्रक्रिया को और सख्त किया गया है। अब FASTag को सक्रिय करने से पहले VAHAN पोर्टल के माध्यम से वाहन का अनिवार्य सत्यापन किया जाएगा, ताकि भविष्य में किसी भी तरह की गड़बड़ी को रोका जा सके।
एनएचएआई का कहना है कि यह फैसला FASTag सिस्टम को अधिक सरल, पारदर्शी और उपयोगकर्ता-अनुकूल बनाने की दिशा में बड़ा सुधार है। इससे टोल प्लाजा पर अनावश्यक विवाद कम होंगे और यात्रियों का अनुभव बेहतर होगा।
अब तक KYV प्रक्रिया के तहत वाहन मालिक को RC और वाहन की फोटो अपलोड करनी पड़ती थी, जिसे हर तीन साल में दोहराना अनिवार्य था। यह प्रक्रिया FASTag को एक्टिव रखने के लिए जरूरी मानी जाती थी, लेकिन अब निजी वाहनों के लिए यह बाध्यता समाप्त कर दी गई है।
Akhil Mahajan