आज से बदले बड़े नियम, आम आदमी पर असर

1 जनवरी 2026 से पैन-आधार, 8वें वेतन आयोग, LPG कीमत, टैक्स और बैंकिंग से जुड़े कई नियम लागू हो गए हैं, जिनका सीधा असर आम लोगों की जेब पर पड़ेगा।

आज से बदले बड़े नियम, आम आदमी पर असर
  • 1 जनवरी 2026 से पैन, टैक्स, बैंक और LPG से जुड़े कई नियम लागू
  • 8वें वेतन आयोग से सैलरी और पेंशन बढ़ने की संभावना
  • क्रेडिट स्कोर, किसान आईडी और FD-ब्याज दरों पर असर

नई दिल्ली। नए साल 2026 की शुरुआत के साथ ही बैंकिंग नियम, टैक्स सिस्टम, सैलरी, पेंशन और रोजमर्रा के खर्च से जुड़े कई अहम बदलाव लागू हो गए हैं। 1 जनवरी 2026 से प्रभावी हुए इन नियमों का सीधा असर आम लोगों की जेब पर पड़ने वाला है। समय रहते जरूरी प्रक्रियाएं पूरी नहीं करने पर आर्थिक नुकसान झेलना पड़ सकता है।

सरकार ने साफ किया है कि जिन लोगों ने अब तक PAN-Aadhaar Linking नहीं कराया है, उनका पैन कार्ड 1 जनवरी 2026 से इनऑपरेटिव हो जाएगा। ऐसे लोग इनकम टैक्स रिटर्न फाइल, टैक्स रिफंड, बैंकिंग लेन-देन और सरकारी योजनाओं का लाभ नहीं ले पाएंगे। बाद में लिंक कराने पर जुर्माना भी देना पड़ सकता है।

हर महीने की तरह 1 जनवरी को LPG सिलेंडर के नए रेट जारी किए गए हैं। क्रूड ऑयल की कीमतों में नरमी के चलते घरेलू LPG सिलेंडर के दामों में राहत की उम्मीद जताई जा रही है। इसके साथ ही पेट्रोल-डीजल और एविएशन फ्यूल की कीमतों में बदलाव से यात्रा खर्च पर भी असर पड़ सकता है।

लोन और क्रेडिट कार्ड यूजर्स के लिए बड़ा बदलाव यह है कि अब क्रेडिट स्कोर साप्ताहिक आधार पर अपडेट होगा। पहले जहां यह अपडेट महीने में एक बार होता था, अब समय पर EMI भुगतान करने वालों को जल्दी फायदा मिलेगा। वहीं EMI में देरी होने पर स्कोर तुरंत प्रभावित होगा, जिससे लोन ब्याज दर बढ़ सकती है।

केंद्रीय कर्मचारियों और पेंशनरों के लिए 8वां वेतन आयोग नया साल राहत भरी उम्मीद लेकर आया है। 7वें वेतन आयोग की अवधि पूरी होने के बाद 1 जनवरी 2026 से नया वेतन आयोग प्रभावी माना जा रहा है। हालांकि सिफारिशें लागू होने में समय लग सकता है, लेकिन एरियर 1 जनवरी 2026 से मिलने की संभावना जताई जा रही है। फिटमेंट फैक्टर बढ़ने से बेसिक सैलरी, DA, HRA और पेंशन में इजाफा हो सकता है।

टैक्सपेयर्स के लिए भी नए साल में बदलाव अहम हैं। जनवरी 2026 से नए इनकम टैक्स फॉर्म आने की उम्मीद है, जिनमें बैंक ट्रांजेक्शन और खर्चों की ज्यादा जानकारी देनी होगी। इसके अलावा अप्रैल 2026 से नया इनकम टैक्स कानून लागू होने की संभावना है, जिससे टैक्स सिस्टम सरल बनाने का दावा किया जा रहा है।

बैंक ब्याज दरों को लेकर भी संकेत हैं कि FD रेट्स और लोन इंटरेस्ट रेट में बदलाव हो सकता है। जनवरी में SBI, HDFC और PNB जैसे बड़े बैंक नए फैसले ले सकते हैं।

किसानों के लिए फार्मर आईडी बेहद जरूरी हो गई है। कई राज्यों में पीएम किसान सम्मान निधि योजना के तहत फार्मर आईडी अनिवार्य की जा रही है। बिना आईडी के 6000 रुपये की सालाना किस्त अटक सकती है।