नारनौल में सड़क हादसे के बाद हाईवे जाम, ग्रामीणों का प्रदर्शन बोलेरो की टक्कर से स्कूटी सवार गंभीर घायल
नारनौल में सड़क हादसे के बाद ग्रामीणों ने हाईवे जाम कर पुलिस के खिलाफ प्रदर्शन किया। हादसे में एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हुआ है।
■ नारनौल में सड़क हादसे के बाद हाईवे जाम, ग्रामीणों का फूटा गुस्सा
■ कार की टक्कर से स्कूटी सवार गंभीर घायल, हायर सेंटर रेफर
■ “पुलिस मुर्दाबाद” के नारे, प्रशासन पर लापरवाही के आरोप
■ हादसे ने भड़काया आक्रोश, हाईवे पर जाम और पुलिस के खिलाफ नारेबाजी
महेंद्रगढ़ जिले के नारनौल में गांव घाटाशेर के पास नेशनल हाईवे 148-बी पर बुधवार रात हुए एक सड़क हादसे के बाद ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। हादसे के बाद आक्रोशित लोगों ने हाईवे पर जाम लगा दिया और पुलिस प्रशासन के खिलाफ जमकर “मुर्दाबाद” के नारे लगाए। ग्रामीणों का आरोप है कि इस मार्ग पर लगातार हादसे हो रहे हैं, लेकिन इसके बावजूद प्रशासन कोई ठोस कदम नहीं उठा रहा।जानकारी के अनुसार, बुधवार रात करीब 9 बजे लॉजिस्टिक हब की ओर जा रही एक बोलेरो ने स्कूटी सवार व्यक्ति को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि स्कूटी सवार हरिराम सड़क किनारे गड्ढे में जा गिरा और गंभीर रूप से घायल हो गया।
हादसे के तुरंत बाद मौके पर मौजूद लोगों ने घायल को उठाकर नारनौल नागरिक अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसकी हालत गंभीर देखते हुए हायर सेंटर रेफर कर दिया। फिलहाल उसकी स्थिति नाजुक बनी हुई है।
घटना के बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जमा हो गए और नेशनल हाईवे 148-बी पर जाम लगा दिया। इस दौरान लोगों ने “पुलिस मुर्दाबाद” के नारे लगाए और प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाया। ग्रामीणों का कहना था कि इस सड़क पर आए दिन हादसे होते हैं, लेकिन सुरक्षा के लिए कोई ठोस व्यवस्था नहीं की गई है।
सूचना मिलने पर निजामपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन ग्रामीणों ने पुलिस के रवैये को ढुलमुल बताया। आरोप है कि थाना प्रभारी ने कवरेज करने पहुंचे पत्रकारों से बदतमीजी की और वीडियो बनाने से रोका, जिससे मौके पर माहौल और तनावपूर्ण हो गया।
बाद में सदर थाना प्रभारी धर्मवीर सिंह मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों को समझाकर स्थिति को शांत कराया। करीब कुछ समय बाद जाम खुलवाया गया और यातायात सामान्य किया गया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है।
shubham