हरियाणा में तिरंगा पोल के लिए खोदा गड्ढा बना राजस्थान के दो युवकों की मौ*त की वजह
नारनौल के नांगल चौधरी में NH-148B पर 10 फीट गहरे गड्ढे में बाइक गिरने से राजस्थान के दो युवकों की मौत हो गई। हादसे ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
नारनौल में 10 फीट गहरे गड्ढे में गिरी बाइक, राजस्थान के 2 युवकों की मौत
➤ NH-148B पर राव तुलाराम चौक के पास गड्ढे में गिरने से हादसा
➤ आइसक्रीम गाड़ी चलाने वाले राजस्थान के दो युवकों की गई जान
➤ तिरंगा झंडा लगाने के लिए खोदा गया था गहरा गड्ढा, सुरक्षा इंतजामों पर सवाल
हरियाणा के नारनौल जिले के नांगल चौधरी क्षेत्र में गुरुवार रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में राजस्थान के दो युवकों की मौत हो गई। दोनों युवक बाइक पर सवार होकर जा रहे थे, तभी उनकी बाइक नेशनल हाईवे-148B स्थित राव तुलाराम चौक के बीच खोदे गए गहरे गड्ढे में जा गिरी। हादसे में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरे ने अस्पताल में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया।
मृतकों की पहचान राजस्थान के नीमच के पास गांव पाटखेड़ा गगरोल निवासी 22 वर्षीय भैरूलाल और चित्तौड़गढ़ जिले के गांव खोर निवासी 20 वर्षीय गिरधारी के रूप में हुई है। दोनों नारनौल में आइसक्रीम बिक्री का काम करते थे और एक आइसक्रीम गाड़ी संचालक के यहां नौकरी कर रहे थे।
आइसक्रीम कारोबारी राहुल और पिंटू के अनुसार, दोनों युवक गुरुवार रात करीब 10 बजे अपनी-अपनी आइसक्रीम गाड़ियां लेकर कमरे पर लौट आए थे। इसके कुछ देर बाद वे बिना किसी को बताए बाइक लेकर कहीं निकल गए।
रात करीब साढ़े 11 बजे सूचना मिली कि राव तुलाराम चौक पर बने गहरे गड्ढे में बाइक गिरने से भैरूलाल की मौत हो गई है, जबकि गिरधारी गंभीर रूप से घायल है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों को गड्ढे से बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया।
अस्पताल में डॉक्टरों ने भैरूलाल को मृत घोषित कर दिया, जबकि गंभीर रूप से घायल गिरधारी ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए नागरिक अस्पताल में रखवा दिया है।
स्थानीय लोगों के अनुसार, चौक के बीचों-बीच तिरंगा झंडा लगाने के लिए करीब 10 फीट गहरा और 15 फीट चौड़ा गड्ढा खोदा गया था। गड्ढे के भीतर लोहे के सरिए भी लगाए गए थे। आशंका जताई जा रही है कि बाइक सीधे गड्ढे में गिरने के बाद दोनों युवक सरियों की चपेट में आ गए, जिससे उनकी मौत हो गई।
बताया जा रहा है कि गड्ढे के पास केवल एक दिशा में चेतावनी संकेतक लगाया गया था, जबकि अन्य दिशाओं में पर्याप्त सुरक्षा इंतजाम नहीं थे। इसी वजह से रात के समय बाइक सवारों को गड्ढा दिखाई नहीं दिया और यह हादसा हो गया।
परिजनों के मुताबिक, दोनों युवक शादीशुदा थे। भैरूलाल का एक छोटा बच्चा है, जबकि गिरधारी की शादी करीब दो महीने पहले ही हुई थी। हादसे के बाद दोनों परिवारों में मातम पसरा हुआ है।
pooja