बड़ा हादसा: बोलेरो में दस लोग जिंदा जलें
मिर्जापुर में ब्रेक फेल ट्रक की टक्कर से बोलेरो ट्रेलर में घुसी और आग लग गई, जिसमें 10 लोगों की जिंदा जलकर मौत हो गई। पुलिस जांच जारी है।
- ब्रेक फेल ट्रक बना हादसे की वजह
- बोलेरो ट्रेलर में घुसी, लगी भीषण आग
- 10 लोगों की जिंदा जलकर दर्दनाक मौत
उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर में एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा सामने आया है, जिसमें एक ही परिवार समेत 10 लोगों की जिंदा जलकर मौत हो गई। यह हादसा उस वक्त हुआ जब एक तेज रफ्तार ट्रक का ब्रेक फेल हो गया और वह बेकाबू होकर आगे चल रही बोलेरो से जा टकराया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ट्रक की टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बोलेरो अनियंत्रित होकर आगे चल रहे ट्रेलर में जा घुसी। टक्कर के तुरंत बाद बोलेरो और ट्रेलर दोनों में भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि बोलेरो में बैठे लोगों को बाहर निकलने तक का मौका नहीं मिल सका।
हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास के लोगों ने आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन लपटें इतनी तेज थीं कि कोई भी वाहन के पास नहीं जा सका। सूचना मिलने पर पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीमें मौके पर पहुंचीं और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया।
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, अब तक 10 लोगों के शव वाहन से बाहर निकाले जा चुके हैं। शवों की हालत इतनी खराब हो चुकी थी कि पहचान करना भी मुश्किल हो रहा है। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मृतकों की पहचान की प्रक्रिया जारी है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि हादसे की मुख्य वजह ट्रक का ब्रेक फेल होना सामने आ रही है। हालांकि, मामले की विस्तृत जांच की जा रही है। इस दर्दनाक हादसे ने एक बार फिर सड़क सुरक्षा और वाहन में तकनीकी खामियों को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
Akhil Mahajan